अमृतसर कोर्ट ने अमृतपाल सिंह को दी बीमार दादी से 10 मिनट वीडियो कॉल पर बात करने की इजाजत
अमृतसर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमृतसर जिला अदालत ने खडूर साहिब के सांसद और 'वारिस पंजाब दे' के नेता अमृतपाल सिंह को अपनी बीमार दादी से 10 मिनट की वीडियो कॉल पर बात करने की इजाजत दी है। वर्तमान में अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बरिंदर सिंह ने अमृतपाल के वकीलों की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। अमृतपाल सिंह की ओर से पेश उनके वकीलों ने अदालत में याचिका दायर की थी और उनकी दादी की बीमारी को देखते हुए अदालत से वीडियो कॉल के जरिए उनसे बातचीत करने की अनुमति मांगी थी।
अमृतपाल सिंह की दादी बुज़ुर्ग हैं और हाल ही में गंभीर बीमारी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अदालत के आदेश के अनुसार, बुधवार से अगले पांच दिनों के भीतर अमृतपाल सिंह एक बार 10 मिनट के लिए वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी दादी का हालचाल पूछ सकेंगे।
अमृतपाल को सख्त नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत हिरासत में लिए जाने के बाद अप्रैल 2023 से डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया है। मार्च 2023 को पंजाब पुलिस ने अमृतपाल और उनके नौ सहयोगियों को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद उन्हें एनएसए के तहत डिब्रूगढ़ जेल शिफ्ट कर दिया गया। अमृतपाल पर खालिस्तान समर्थन, राज्य के खिलाफ युद्ध भड़काने और रेडिकल विचारधारा फैलाने के आरोप हैं। वे 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब से जीतकर सांसद बने थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 1:07 PM IST












