सर्जरी के बाद बालकृष्ण की दमदार वापसी, मैसूर में फिर शुरू की 'दादा' की शूटिंग
हैदराबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण ने अपनी अपकमिंग एक्शन फिल्म 'दादा' की शूटिंग फिर से शुरू कर दी है। गोपीचंद मालिनेनी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग इन दिनों कर्नाटक के मैसूर में चल रही है।
कुछ समय पहले एक एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान बालकृष्ण को चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी और कुछ समय के लिए शूटिंग से ब्रेक लेना पड़ा था। अब पूरी तरह ठीक होने के बाद उन्होंने दोबारा फिल्म के सेट पर वापसी कर ली है।
बालकृष्ण के मौजूदा शेड्यूल में डायलॉग और दूसरे अहम सीन शूट किए जाएंगे। इस दौरान उनके साथ फिल्म के कई दूसरे प्रमुख कलाकार भी शूटिंग में हिस्सा लेंगे। मेकर्स इस शेड्यूल में फिल्म के कई जरूरी सीक्वेंस को पूरा करने की तैयारी में हैं, इसलिए प्रोडक्शन के लिहाज से इसे काफी अहम माना जा रहा है।
दरअसल, फिल्म की शूटिंग के दौरान बालकृष्ण को एक इंटेंस एक्शन सीन करते हुए मांसपेशियों में हल्की चोट लग गई थी। उन्हें माइनर मसल टियर हुआ था। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें एक छोटी सर्जरी करानी पड़ी।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस, वृद्धि सिनेमाज, ने उस समय सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर बालकृष्ण की चोट की जानकारी दी थी। उसने अपने बयान में कहा था कि सिनेमा के प्रति बालकृष्ण की मेहनत, अनुशासन और जुनून सेट पर मौजूद पूरी टीम के लिए प्रेरणा है। उनकी सर्जरी सामान्य प्रक्रिया है और चिंता की कोई बात नहीं है। अब मेकर्स की ओर से पुष्टि की गई है कि अभिनेता पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्होंने शूटिंग पर वापसी कर ली है।
'दादा' को वेंकट सतीश किलारू वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म की घोषणा के बाद से ही यह बालकृष्ण के फैंस और साउथ सिनेमा के दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के जरिए बालकृष्ण और गोपीचंद मालिनेनी एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी फिल्म 'वीरा सिम्हा रेड्डी' में नजर आई थी, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।
'दादा' क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 1:48 PM IST












