अमृतसर नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 जवानों के साथ टीमों ने मारे छापे, 10 संदिग्ध हिरासत में
अमृतसर, 2 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के अमृतसर जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने बुधवार तड़के बड़ा सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 10 संदिग्ध लोगों को राउंडअप किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही करीब 8 से 10 संदिग्ध वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।
अमृतसर पुलिस ने जिले के अनगढ़ इलाके में यह कार्रवाई की। पुलिस ने सुबह-सुबह पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर अलग-अलग टीमों के माध्यम से घरों और संदिग्ध स्थानों की जांच की। इस दौरान करीब 150 पुलिसकर्मी अभियान में शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।
मीडिया से बातचीत करते हुए डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के अनुसार नशे के खिलाफ विशेष सर्च मॉडल और ऑपरेशन तैयार किया गया था। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि अनगढ़, पल्ला और शेखां समेत आसपास के कुछ मोहल्लों में कुछ लोग चोरी-छिपे नशे का कारोबार कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर बुधवार सुबह पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से पूरे क्षेत्र को सील कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
डीसीपी ने बताया कि अभियान में एडीसीपी-1 समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय क्षेत्र के थाना प्रभारी, डी डिवीजन थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल को शामिल किया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर इलाके के विभिन्न हिस्सों में चेकिंग की गई। पुलिस ने संदिग्ध लोगों के साथ बातचीत कर क्षेत्र में नशे की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस को बताया कि इलाके में पहले की तुलना में नशे का कारोबार कम हुआ है, लेकिन पुलिस अभी भी मामले की गहराई से जांच कर रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने कुछ नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इसके अलावा शराब की भी बरामदगी हुई है।
डीसीपी संधू के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 10 संदिग्ध लोगों को राउंडअप किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही करीब 8 से 10 संदिग्ध वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है। इनमें कुछ वाहनों के नंबर और दस्तावेजों से संबंधित कमियां सामने आई थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संदिग्धों और वाहनों की पूरी तरह से जांच की जा रही है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस का यह अभियान इलाके में नशे के नेटवर्क और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Sept 2026 8:32 AM IST












