अमृतसर सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
पंजाब पुलिस की एक विशेष खुफिया और एंटी-टेररिज्म शाखा काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी दी।

चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस की एक विशेष खुफिया और एंटी-टेररिज्म शाखा काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करने में सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी दी।

डीजीपी ने बताया कि इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 1 असॉल्ट राइफल (.30 बोर), 2 हैंड ग्रेनेड, 13 पिस्टल (जिनमें 4 ग्लॉक पिस्टल शामिल हैं) और 25 कारतूस बरामद किए गए हैं।

मामले से जुड़ी एफआईआर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर में दर्ज कर ली गई है। तस्करी के इस नेटवर्क का पता लगाने, इसके पीछे और आगे के संपर्कों को खंगालने और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने, सीमा पार से हथियारों की तस्करी को रोकने और राज्य की शांति व सुरक्षा बनाए रखने के अपने संकल्प पर पूरी तरह अडिग है।

आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का एक दूसरा मामला गुरुवार को ग्रेटर नोएडा से सामने आया, जहां सूरजपुर थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में सूरजपुर साइट-बी स्थित आईनोट्रॉनिक्स कंपनी में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पेटीएम ट्रांजेक्शन मशीनें, प्रिंटर, एयरटेल कंपनी के सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ बताई गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए छोटे लोडर वाहन को भी कब्जे में लिया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन चाकू बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को थाना सूरजपुर पुलिस ने न्यू दादरी जंक्शन के पास सूरजपुर थाना क्षेत्र के जंगल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान बिलाल, सलमान और आदिल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दिल्ली नंबर के छोटे लोडर वाहन में रखा चोरी का सामान बरामद किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Oct 2026 8:40 PM IST

Tags

Next Story