आनंद बख्शी की जयंती पर पोते आदित्य दत्त ने किया याद, पुरानी फैमिली फोटो शेयर कर लिखा नोट
मुंबई, 21 जुलाई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के मशहूर गीतकार आनंद बख्शी की जयंती पर मंगलवार को उनके पोते और फिल्म निर्देशक आदित्य दत्त ने उन्हें याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा की।
आदित्य दत्त ने इंस्टाग्राम पर परिवार की एक पुरानी तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "नंबर 1 दादा आनंद बख्शी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपने मुझे सबसे बड़ी दुनिया दी और यह दुनिया इस तस्वीर में कैद है। आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।"
आनंद बख्शी हिंदी फिल्म उद्योग के सबसे सफल गीतकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में 4,000 से अधिक गीत लिखे। उन्हें 40 बार फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया और चार बार सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।
रावलपिंडी (अब पाकिस्तान) में जन्मे आनंद बख्शी ने फिल्म जगत में आने से पहले रॉयल इंडियन नेवी में सेवा की थी। नौकरी के दौरान भी वे गीत और कविताएं लिखा करते थे। गीतकार बनने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी और मुंबई आ गए। शुरुआती दौर में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्हें पहला अवसर फिल्मकार भगवान दादा की फिल्म 'भला आदमी' में मिला, जिसके लिए उन्हें 150 रुपये पारिश्रमिक मिला था।
इसके बाद उन्होंने 'आराधना', 'अमर प्रेम', 'कटी पतंग', 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'शोले', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'ताल' और 'गदर: एक प्रेम कथा' जैसी फिल्मों के लिए यादगार गीत लिखे। उन्होंने आर.डी. बर्मन और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ लंबी और सफल साझेदारी की।
आदित्य दत्त की बात करें तो वे बॉलीवुड में थ्रिलर और एक्शन फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। उन्हें 2005 में रिलीज हुई इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'आशिक बनाया आपने' से पहचान मिली। उनके निर्देशन में बनी अन्य फिल्मों में 'दिल दिया है' (2006), 'गुड लक' (2008), 'विल यू मैरी मी?' (2012) और 'टेबल नंबर 21' (2013) शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 July 2026 12:58 PM IST












