अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में कड़े सुरक्षा इंतजाम, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में कड़े सुरक्षा इंतजाम, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पूरे जिले को सुरक्षा के लिहाज से जोनल और सेक्टर व्यवस्था में विभाजित कर विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है।

गौतमबुद्धनगर, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पूरे जिले को सुरक्षा के लिहाज से जोनल और सेक्टर व्यवस्था में विभाजित कर विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन द्वारा लागू की गई जोनल-सेक्टर स्कीम के तहत कमिश्नरेट क्षेत्र को कुल 11 जोन और 49 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें नोएडा जोन को 4 जोन और 16 सेक्टर, सेंट्रल नोएडा को 3 जोन और 24 सेक्टर तथा ग्रेटर नोएडा को 4 जोन और 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य हर क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करना और किसी भी स्थिति से त्वरित निपटना है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अन्य जनपदों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है, जिसमें 6 एसपी रैंक के अधिकारी, 14 अपर पुलिस अधीक्षक, 30 क्षेत्राधिकारी (डिप्टी एसपी), 65 निरीक्षक, 400 उपनिरीक्षक, 150 महिला उपनिरीक्षक, 900 आरक्षी और 200 महिला आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा 10 कंपनियां पीएसी की भी तैनाती की गई है।

कमिश्नरेट स्तर पर भी 2 डीसीपी, 3 एडिशनल डीसीपी और 4 एसीपी समेत अन्य अधिकारी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, लघु उद्योग क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। साथ ही मोबाइल पुलिस टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। लगभग 50 से अधिक प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है, जबकि मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं। कंट्रोल रूम में एक राजपत्रित अधिकारी को नियुक्त किया गया है, जो सभी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।

पुलिस द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आम जनता को शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी जा रही है। वहीं, श्रमिक संगठनों के संभावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए 30 अप्रैल से 8 मई तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू कर दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2026 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story