अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 18 मोटरसाइकिल बरामद

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 18 मोटरसाइकिल बरामद
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा एक आरोपी के पास से अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।

ग्रेटर नोएडा, 11 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दादरी थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा एक आरोपी के पास से अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रेकी कर मोटरसाइकिलों को चोरी करते थे और बाद में उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपाकर सस्ते दामों में राह चलते लोगों को बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को थाना दादरी पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर वाहन चोर गिरोह के संबंध में जानकारी मिली थी।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम कोट के सर्विस रोड पर स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलुआ पुत्र इलियास, निवासी नई आबादी कस्बा व थाना दादरी, उम्र करीब 35 वर्ष, नितिन पंडित पुत्र प्रेमचंद, निवासी न्यादरगंज कस्बा व थाना दादरी, उम्र करीब 18 वर्ष और अनमोल भारती पुत्र विजेंद्र कुमार, निवासी डूडा कॉलोनी चिटहैरा, थाना दादरी, उम्र करीब 18 वर्ष के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सदस्य दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर मोटरसाइकिल चोरी कर उसे जंगल, सुनसान स्थान या अन्य सुरक्षित जगह पर छिपा देते थे। इसके बाद ग्राहक तलाशकर चोरी की बाइक को बेहद कम कीमत में बेच दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, बाइक बेचने से मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे और उसे अपने व्यक्तिगत खर्च तथा शौक-मौज में खर्च करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से कुल 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी कलुआ के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों को खरीदने वाले लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Sept 2026 5:52 PM IST

Tags

Next Story