ब्रिक्स भारत इनोवेट्स में पहुंचे शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी
नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित ‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स’ का दौरा किया। यहां ‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन’ प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले और उसके साथ आयोजित की जा रही है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने यहां पहुंचकर प्रदर्शनी में शामिल डीप-टेक स्टार्टअप्स और युवा नवप्रवर्तकों से बातचीत की। ‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स’ में भारत के कुल 37 डीप-टेक स्टार्टअप व उद्यम हिस्सा ले रहे हैं। दरअसल, फ्रांस के नीस में आयोजित पहले ‘भारत इनोवेट्स’ में 120 स्टार्टअप शामिल हुए थे। अब इनमें से ही ये 37 डीप-टेक स्टार्टअप व उद्यम ‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स’ के लिए चुने गए हैं।
प्रह्लाद जोशी ने प्रदर्शनी में प्रस्तुत विभिन्न डीप-टेक समाधानों और तकनीकी नवाचारों का जायजा लिया। उन्होंने युवा नवप्रवर्तकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास भारत के अनुसंधान और नवाचार के पारिस्थितिकी तंत्र को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बता दें कि प्रदर्शनी में भारतीय युवाओं और स्टार्टअप्स द्वारा विकसित उन्नत तकनीकी समाधानों को प्रदर्शित किया जा रहा है। यह आयोजन भारत की शोध, तकनीकी क्षमता और नवाचार की बढ़ती ताकत को सामने लाने का मंच भी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि वह विदेश मंत्रालय के समन्वय से इस एक्सपोजिशन का आयोजन कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत के डीप-टेक नवाचारों, स्टार्टअप और तकनीकी समाधानों को ब्रिक्स देशों के वैश्विक निवेशकों, उद्योग जगत और नीति-निर्माताओं के समक्ष लाना है।
शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की मौजूदगी यहां महत्वपूर्ण रही। उन्होंने प्रदर्शनी में युवा नवप्रवर्तकों से बातचीत करते हुए उनके द्वारा विकसित तकनीकी समाधानों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने डीप-टेक क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी और उनके प्रयासों की सराहना की।
शिक्षा मंत्रालय का मानना है कि ऐसे नवाचार भारत के अनुसंधान और नवाचार तंत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मंत्रालय का कहना है कि यह एक्सपोजिशन 11 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स बिजनेस फोरम के साथ आयोजित किया जा रहा है। इससे भारतीय नवाचारकर्ताओं को ब्रिक्स देशों के बड़े उद्योगपतियों, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ सीधे संपर्क का अवसर मिलेगा। इसके जरिए तकनीकी साझेदारी, निवेश, कारोबार, कंपनियों के बीच सहयोग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि ‘ब्रिक्स भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन’ भारत में शिक्षा क्षेत्र की प्राथमिकताओं से भी जुड़ा है। ब्रिक्स शिक्षा ट्रैक में ‘अनुसंधान, नवाचार और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना’ प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Sept 2026 5:52 PM IST












