राष्ट्रीय: ‘कांग्रेस का हाथ घुसपैठियों के साथ’, जानिए ऐसा क्यों बोले अनुराग ठाकुर

‘कांग्रेस का हाथ घुसपैठियों के साथ’, जानिए ऐसा क्यों बोले अनुराग ठाकुर
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने ऐलान किया था कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस की सरकार सत्ता में आने पर सभी को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा, और इसमें अन्य लोगों के साथ घुसपैठियों को भी शामिल किया जाएगा। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने उनके इस बयान पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।

रांची, 14 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने ऐलान किया था कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस की सरकार सत्ता में आने पर सभी को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा, और इसमें अन्य लोगों के साथ घुसपैठियों को भी शामिल किया जाएगा। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने उनके इस बयान पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा, “इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस का हाथ घुसपैठियों के साथ है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। इससे एक बार फिर से कांग्रेस का चेहरा बेनकाब हो चुका है। कांग्रेस सत्ता पाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है। कांग्रेस के लोग हिंदुस्तान के लोगों का हक छीनना चाहते हैं। लेकिन, हम ऐसा नहीं होने देंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “झारखंड मुक्ति मोर्चा के शासनकाल में जिन लोगों ने आदिवासियों और यहां के मूल निवासियों की जमीन छीनी थी, उन लोगों को अब ये लोग सस्ता गैस सिलेंडर देने पर उतारू हो चुके हैं।”

भाजपा नेता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हीं के इशारे पर गुलाम अहमद मीर ने इस तरह का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, "मैं कांग्रेस के लोगों से पूछना चाहता हूं कि वे झारखंड के लोगों से क्या-क्या छीनेंगे। कांग्रेस के लोग झारखंड के लोगों के हितों पर कुठाराघात करने पर आमादा हो चुके हैं।

"यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि इससे पहले भी यहां कांग्रेस के लोगों ने आदिवासियों का हक छीना है। इन तमाम गतिविधियों से साफ जाहिर है कि कांग्रेस का हाथ घुसपैठियों के साथ है। कांग्रेस पहले भी गिरी थी और आज भी गिरी है। कांग्रेस हमेशा से ही तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है।"

उल्लेखनीय है कि जब कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर के इस बयान का वीडियो सामने आया तो वह अपने बयान से पलट गए। मीर ने कहा कि उन्होंने अब तक इस तरह का कोई बयान नहीं दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Nov 2024 8:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story