अपराधियों में डर जरूरी, झारखंड में भी सख्त कानून-व्यवस्था वाली सरकार चाहिए संजय सेठ
रांची, 8 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने पश्चिम बंगाल के बारुईपुर दुष्कर्म एवं हत्या मामले के एक आरोपी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की घटना पर बुधवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय होना जरूरी है। जो अपराध करता है, उसे यह संदेश मिलना चाहिए कि वह सजा से बच नहीं सकता और मजबूत कानून-व्यवस्था ही आम नागरिकों की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।
रांची में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय सेठ ने कहा, "अपराधियों पर सख्त कार्रवाई से समाज में सुरक्षा का माहौल बनता है।" उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के कारण अपराध करने से पहले लोग कई बार सोचते हैं। पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भी अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि आम लोग सुरक्षित रह सकें और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा, "झारखंड में भी ऐसी सरकार और ऐसी कानून-व्यवस्था की जरूरत है, जहां अपराधियों से बिना किसी नरमी के निपटा जाए। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।"
इस दौरान संजय सेठ ने झारखंड सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "राज्य में निवेश बढ़ना आवश्यक है, क्योंकि इससे उद्योगों का विस्तार होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। हालांकि, निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार पर समान रूप से ध्यान देना चाहिए।"
उन्होंने रांची में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने की मांग दोहराते हुए कहा, "भाजपा लंबे समय से इसकी पैरवी कर रही है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। तेजी से बढ़ते शहर में आधुनिक पुलिस व्यवस्था समय की आवश्यकता है।"
संजय सेठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि रांची नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 स्थित हातमा बस्ती में करीब 34 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' का शिलान्यास किया गया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर रांची की महापौर रोशनी खलखो सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि सांसद निधि से रातू रोड स्थित ओटीसी ग्राउंड के पास एक आधुनिक 'ट्रैफिक पुलिस पोस्ट' का निर्माण कराया गया है, जिसका उद्घाटन विधायक नवीन जायसवाल और महापौर रोशनी खलखो के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम से सुरक्षा प्रदान करेगी तथा उन्हें बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराएगी। जनसेवा में लगे पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 7:45 PM IST












