मुंबई हवाई अड्डे पर मानव तस्करी का पर्दाफाश, फर्जी कागजात से महिला को विदेश ले रहा एजेंट हिरासत में

मुंबई हवाई अड्डे पर मानव तस्करी का पर्दाफाश, फर्जी कागजात से महिला को विदेश ले रहा एजेंट हिरासत में
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों की सतर्कता से मानव तस्करी के मामले का खुलासा हुआ है। अधिकारियों ने फर्जी विवाह प्रमाणपत्र के सहारे 28 वर्षीय महिला कमलजीत कौर को नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम ले जाने की कोशिश की।

मुंबई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों की सतर्कता से मानव तस्करी के मामले का खुलासा हुआ है। अधिकारियों ने फर्जी विवाह प्रमाणपत्र के सहारे 28 वर्षीय महिला कमलजीत कौर को नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम ले जाने की कोशिश की।

कागजों की जांच में विसंगति पाए जाने के बाद आरोपी विजय कुमार राधेश्याम ग्रोवर (43) को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सच सामने लाने की कोशिश कर रही है।

घटना 7 अक्टूबर की है। दिल्ली में ट्रैवल एजेंट के रूप में काम करने वाला राधेश्याम ग्रोवर पंजाब के जालंधर का रहने वाला है।

वह महिला के साथ हवाई अड्डे पर पहुंचा और दावा किया कि वे शादीशुदा हैं तथा एम्स्टर्डम जा रहे हैं। उन्होंने दिसंबर 2023 का एक विवाह प्रमाणपत्र पेश किया, जिसके गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से जारी होने का दावा किया गया। नियमित पूछताछ के दौरान अधिकारियों को उनके जवाबों में विरोधाभास नजर आया। गहन जांच में प्रमाणपत्र फर्जी साबित हुआ।

महिला ने पूछताछ में बताया कि ग्रोवर ने विदेश जाने के लिए 25 लाख रुपये लिए थे। आरोपी ने कबूल किया कि वे शादीशुदा नहीं हैं। पुलिस को शक है कि ग्रोवर ने 30-35 लोगों के लिए फर्जी पासपोर्ट और वीजा बनवाए हैं।

वह थाईलैंड, चीन, दुबई, लंदन समेत नौ देशों में 13 बार यात्रा कर चुका है। मामले में उसके पार्टनर गुरजीत सिंह की तलाश जारी है, जो महिला को आरोपी से जोड़ने वाला मध्यस्थ था।

मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल जांच कर रही है। एक टीम पंजाब भेजी गई है ताकि आरोपी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके। साहार पुलिस स्टेशन में मानव तस्करी, धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्रोवर को 15 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि यह रैकेट महिलाओं को फर्जी शादी के बहाने विदेश भेजकर शोषण के लिए तस्करी करता था। जांच में और पीड़ितों का पता चल सकता है। हवाई अड्डे पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Oct 2025 11:12 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story