अरुणाचल में सेना को लेकर पाकिस्तान का दुष्प्रचार बेनकाब, बेंगलुरु का पुराना वीडियो किया वायरल

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने एक बार फिर भारतीय सेना को लेकर झूठी अफवाह फैलाने का कुप्रयास किया है। पाकिस्तान सोशल मीडिया हैंडल्स ने दावा किया है कि अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय जवानों की तलाशी ली जा रही है। हालांकि यह दावा पूरी तरह से फर्जी पाया गया है। इसके लिए पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स ने किसी और स्थान के एक पुराने व भ्रामक वीडियो का सहारा लिया है।
सेना का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सेना के जवानों की तलाशी लेने और राज्य में आवाजाही के लिए चीनी सेना से अनुमति लेने का दावा गलत है। भारतीय सेना ने इस दावे को भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा वीडियो अरुणाचल प्रदेश का नहीं, बल्कि कर्नाटक के बेंगलुरु में मई 2026 में हुए आतंकवाद विरोधी अभ्यास का है।
भारतीय सेना के अनुसार, पाकिस्तान स्थित कुछ सोशल मीडिया हैंडल इस वीडियो को गलत दावे के साथ प्रसारित कर रहे हैं। इनके जरिए ऐसा दिखाने की कोशिश की जा रही है कि अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिक भारतीय जवानों की जांच कर रहे हैं और भारतीय सैनिकों को राज्य में आने-जाने के लिए चीनी सेना की अनुमति लेनी पड़ती है।
सेना ने इन दावों को गलत बताया है। भारतीय सेना की फैक्ट चेक टीम के मुताबिक, वीडियो की वास्तविक पृष्ठभूमि आतंकवाद विरोधी अभ्यास है। इसे चीनी सैनिकों की कार्रवाई बताकर प्रसारित करना गलत है। इस तरह वीडियो की पहचान, स्थान और संदर्भ बदलकर सीमा सुरक्षा से जुड़ी भ्रामक कहानी बनाई जा रही है। सेना ने इस मामले में गलत सूचना फैलाने के तरीके की ओर भी ध्यान दिलाया है। इसमें पुराने सैन्य अभ्यास के दृश्य को चीनी सैनिकों से जोड़ना और उसे अरुणाचल प्रदेश का बताना शामिल है। इस तरह वास्तविक सैन्य अभ्यास को सीमा पर टकराव की घटना के रूप में पेश किया जा रहा है।
भारतीय सेना ने लोगों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़ी संवेदनशील खबरों को साझा करने से पहले उनकी सत्यता जांचें। किसी वीडियो को सही मानने से पहले उसके मूल स्रोत, स्थान और वास्तविक संदर्भ की पुष्टि करना जरूरी है। सैन्य अभ्यास और वास्तविक सैन्य टकराव के बीच अंतर समझना चाहिए तथा अपुष्ट दावों को आगे प्रसारित करने से बचना चाहिए।
पिछले दिनों पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को लेकर भ्रामक दावे किए थे। हालांकि वास्तविकता में यह तथ्य पूरी तरह गलत थे। सेना के अनुसार, कुछ पाकिस्तान समर्थित सोशल मीडिया अकाउंट्स सेना प्रमुख को लेकर झूठा दावा कर रहे थे। इन सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह अफवाह फैलाने की कोशिश की गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ बयान देने के कारण जनरल धीरज सेठ को पद से हटाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि भारतीय सेना ने इसका खंडन करते हुए इसे दुष्प्रचार बताया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
