अरुणाचल प्रदेश एसएसबी भर्ती 2026 एमटीएस के 93 पदों पर वैकेंसी, 9 नवंबर से खुलेगा आवेदन पोर्टल

ईटानगर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। अरुणाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (एपीएसएसबी), ईटानगर ने संयुक्त माध्यमिक स्तरीय परीक्षा (सीएसएलई) 2026 के तहत मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के 93 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर रिक्तियों की घोषणा की है।
एपीएसएसबी की ओर से जारी 93 रिक्तियों में एमटीएस के 69, एमटीएस (चौकीदार) के 2, एमटीएस (रसोइया) के 6, एमटीएस (डाक रनर) का 1, एमटीएस (दफ्तरी) का 1, एमटीएस (हेल्पर) का 1, एमटीएस (माली) का 1, एमटीएस (चपरासी) के 8 और एमटीएस (सफाई कर्मचारी) के 4 पद शामिल हैं।
एमटीएस के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 9 नवंबर को दोपहर 3 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक तय की गई है। आवेदन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एपीएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से दसवीं कक्षा उत्तीर्ण/आईटीआई या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 23 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, वस्तुनिष्ठ प्रकार की लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 18,000 से 56,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सभी श्रेणियों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपए तय है। हालांकि, दिव्यांग व्यक्ति (पीडब्ल्यूडी)/मानक दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
