पंजाब ईमेल के जरिए रेलवे ट्रैक सहित 2 आर्मी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

जालंधर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। जालंधर शहर में ईमेल के जरिए एक बार फिर से स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल में आर्मी पब्लिक स्कूल और एपीएस पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
ई-मेल में रेलवे ट्रैक का भी जिक्र किया गया है और कहा गया है, "1 नवंबर को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में लोग सफर न करें।" आगे लिखा है, "अमृतसर, फिरोजपुर, लुधियाना और बठिंडा ट्रैक पर आईईडी ब्लास्ट किए जाएंगे।"
वहीं, स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी को लेकर आगे लिखा है, "आज 12:11 बजे बम धमाके किए जाएंगे। इसी के साथ राहुल गांधी के संगरूर में ब्लास्ट की धमकी दी गई है।" इस ई-मेल के बाद प्रशासन हरकत में आ गया और स्कूलों की इमारतों की जांच की जा रही है।
इससे पहले बीते महीने, 24 सितंबर को भी पंजाब में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक कार्यक्रम के दौरान बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें मुंबई, दिल्ली और चंडीगढ़ में भाजपा के दफ्तरों में भी बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी।
कथित ईमेल में 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' और 'बब्बर खालसा' का जिक्र था। पंचकूला के प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की भी धमकी दी गई थी। इस ईमेल में लिखा था, "पंचकूला स्कूल, समय दोपहर 1:11 बजे। अपने बच्चे बचाओ। पंजाब में भाजपा की यात्रा में साथ न देना।"
इसी महीने 12 अक्टूबर को नोएडा में भी करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया था। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित स्कूलों में तत्काल जांच अभियान शुरू किया गया था। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम और फायर ब्रिगेड की टीमों को मौके पर भेजकर स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली गई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
