एशियन गेम्स 2026 गलुवीर सिंह ने सिल्वर जीतकर रचा इतिहास, 10 हजार मीटर रेस में 2 मेडल जीतने वाले बने पहले भारतीय
नागोया, 25 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने शुक्रवार को नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में 10 हजार मीटर की रेस में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
गुलवीर पुरुषों की 10 हजार मीटर की रेस में दो एशियन गेम्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। गुलवीर ने 25 लैप की मुश्किल रेस 28:29.38 में पूरी की और दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने हांग्जो में हुए एशियन गेम्स 2023 में इसी इवेंट में जीते ब्रॉन्ज मेडल के साथ अब सिल्वर मेडल भी अपने नाम कर लिया है। वह पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में दो बार एशियन गेम्स के पोडियम पर खड़े होने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
बहरीन के बिरहानु बालेव ने 28:27.51 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जो गुलवीर से सिर्फ 1.87 सेकंड आगे रहे, जबकि उनके साथी अल्बर्ट किप्टू ने 28:34.38 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। चीन के वांग वेनजी 28:38.14 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। गुलवीर रेस के बीच के चरणों में लीडर्स के करीब बने रहे और जब 2,000 मीटर की रेस बाकी थी, तब भी मेडल की रेस में मजबूती से बने हुए थे। अंतिम लैप्स में गुलवीर ने तेजी दिखाई, बहरीन के दो धावकों के बीच जगह बनाई और शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया।
यह सिल्वर मेडल गुलवीर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने हांग्जो एशियन गेम्स 2023 में 10,000 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता था, जहां उनके साथी कार्तिक कुमार ने सिल्वर मेडल हासिल किया था। 2023 में उनके डबल पोडियम ने एशियाई खेलों में पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में भारत के लंबे इंतजार को खत्म किया था।
ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने 10,000 मीटर रेस में सिल्वर और 5,000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वह 10 हजार मीटर रेस में भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने थे। भारतीय सेना में नायब सूबेदार गुलवीर ने भारत के बेहतरीन लॉन्ग-डिस्टेंस रनर्स में से एक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में 5,000 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और इसके बाद साउथ कोरिया में हुई एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों रेस में गोल्ड मेडल जीतकर 'गोल्डन डबल' पूरा किया था।
गुलवीर ने 5,000 मीटर शॉर्ट ट्रैक रेस 12 मिनट 59.77 सेकंड में पूरी की है, जबकि 10,000 मीटर में उनका सर्वश्रेष्ठ समय 27 मिनट 00.22 सेकंड है। 12:59.77 के समय के साथ वे इनडोर रेस में 13 मिनट से कम समय लेने वाले पहले एशियाई एथलीट हैं। 2026 में वह 60 मिनट से कम समय में हाफ मैराथन पूरी करने वाले पहले भारतीय भी बने, जिसको उन्होंने 59:42 समय में पूरा किया था। वह कोलोराडो स्प्रिंग्स में कोच स्कॉट सिमंस की देखरेख में ज्यादा ऊंचाई वाले इलाके में ट्रेनिंग करते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 7:01 PM IST












