एशियन गेम्स भारतीय महिला कबड्डी टीम की शानदार शुरुआत, बांग्लादेश को 42-21 से रौंदा

एशियन गेम्स भारतीय महिला कबड्डी टीम की शानदार शुरुआत, बांग्लादेश को 42-21 से रौंदा
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने सोमवार को 'ग्रुप-ए' के अपने पहले मैच में बांग्लादेश पर 42-21 से दमदार जीत दर्ज की। टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में आयोजित इस मुकाबले के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की है।

आइची, 21 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने सोमवार को 'ग्रुप-ए' के अपने पहले मैच में बांग्लादेश पर 42-21 से दमदार जीत दर्ज की। टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में आयोजित इस मुकाबले के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अपना खिताब बचाने के अभियान की शानदार शुरुआत की है।

भारत ने शानदार ऑलराउंड खेल दिखाया। टीम ने अनुशासित डिफेंस और लगातार अटैकिंग दबाव का अच्छा तालमेल बिठाया, जिसमें संजू देवी का अटैक में अहम योगदान रहा।

भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली, जिससे बांग्लादेश के लिए बोनस लाइन तक पहुंचना मुश्किल हो गया। इस बीच भारत ने सफल रेड के जरिए लगातार प्वाइंट्स हासिल किए। बांग्लादेशी कप्तान श्राबोनी मौलिक ने अपनी टीम के लिए स्कोरबोर्ड पर प्वाइंट्स जोड़े, लेकिन भारत के डिफेंस ने उनके मौकों को सीमित रखा।

मनीषा कुमारी लेफ्ट कवर से खास तौर पर असरदार रहीं, जबकि सोनाली शिंगेट और कप्तान पुष्पा राणा ने अटैक में अहम प्वाइंट्स जोड़े। भारत ने एक 'ऑलआउट' किया और ब्रेक तक 21-10 की बढ़त बना ली।

भारत ने दूसरे हाफ में भी वही जोश बनाए रखा। संजू देवी और पूजा ने तेजी से 'हैंड टच' किए और डिफेंस ने 'हाई लाइन' बनाए रखकर बांग्लादेश के रेडर्स पर दबाव डाला। इस रणनीति का फायदा मिला और भारत ने एक और 'ऑलआउट' किया, जबकि संजू देवी ने सफल रेड के जरिए स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाना जारी रखा।

इसके बाद, बांग्लादेश ने वापसी की कोशिश की। श्राबोनी और अन्य रेडर्स ने लगातार प्वाइंट्स हासिल किए, उनके डिफेंस ने भी भारत की रफ्तार को धीमा करना शुरू कर दिया। खेल खत्म होने में पांच शेष थे और अंतर कम हो गया था, लेकिन भारत ने संजू देवी के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कई सफल रेड करके बड़ी बढ़त फिर से हासिल कर ली और 42-21 से आसान जीत दर्ज की।

भारत के 42 प्वाइंट्स में 11 बोनस प्वाइंट्स और चार 'ऑलआउट' प्वाइंट्स शामिल थे, जबकि बांग्लादेश ने 5 बोनस प्वाइंट्स और एक 'सुपर टैकल' प्वाइंट्स हासिल किया।

अब महिला टीम बुधवार सुबह 8:30 बजे ईरान के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Sept 2026 10:05 PM IST

Tags

Next Story