एशियन गेम्स में विथ्या रामराज ने जीते गोल्ड-सिल्वर-ब्रॉन्ज, धनुष ने मिलकर बढ़ाया एथलीट का हौसला
मुंबई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु की एथलीट विथ्या रामराज इन दिनों अपनी शानदार उपलब्धियों की वजह से लगातार सुर्खियों में हैं। उन्होंने एशियन गेम्स में तीन मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इसके लिए उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही है। इस कड़ी में साउथ के सुपरस्टार धनुष ने भी खास अंदाज में बधाई दी है।
जानकारी के मुताबिक, धनुष ने विथ्या से मुलाकात की और एशियन गेम्स में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनका हौसलाअफजाई किया। विथ्या की उपलब्धि खेल जगत के साथ-साथ आम लोगों और फिल्म इंडस्ट्री का भी ध्यान खींच रही है।
बता दें कि विथ्या रामराज ने एशियन गेम्स में महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण, मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में रजत और महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता। इसके साथ उन्होंने भारतीय एथलीट पीटी उषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। पीटी उषा ने 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 55.42 सेकंड का समय निकालकर यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
इस जीत पर गर्व जताते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनके लिए 75 लाख रुपए की इनामी राशि की घोषणा की थी।
अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने भी विथ्या रामराज को बधाई दी और उनकी तारीफ करते हुए कहा कि 400 मीटर बाधा दौड़ में उनकी 54.75 सेकंड की दौड़ ने पीटी उषा के 42 साल पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उन्होंने कहा, "एक पीढ़ी की सबसे बड़ी उपलब्धि अगली पीढ़ी को और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।"
वहीं, विथ्या रामराज ने आईएएनएस से कहा, "मैं बहुत खुश हूं। पिछली बार भी मैंने तीन पदक जीते थे लेकिन इस बार कुछ खास था। इस बार हमने स्वर्ण पदक जीता है। हमें इस पर बहुत गर्व है। मेरी वजह से राष्ट्रगान बजा। यह मेरे लिए गर्व का विषय था। मैं राज्य सरकार, राज्य एसोसिएशन और अपने कोच को इसके लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। इन सभी के सहयोग से ही हम सफलता हासिल कर सके हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 11:46 AM IST












