एशियन गेम्स 'पिछली बार से कम पदक नहीं जीतेंगे', आर्चरी टीम के गोल्ड जीतने के बाद बोले कोच जीवनजोत सिंह
नागोया, 30 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में बुधवार का दिन भारत के लिए बेहतरीन रहा। भारतीय दल को आर्चरी में 2 गोल्ड मेडल मिले। आर्चरी टीम की सफलता पर कोच जीवनजोत सिंह ने प्रसन्नता जताई है और कहा है कि इस खेल में हमें कुल 9 से 10 पदक की उम्मीद है।
आर्चरी में भारतीय दल की स्वर्णिम सफलता के बाद आईएएनएस से बात करते हुए जीवनजोत सिंह ने कहा, "हमारा प्रदर्शन अब तक बहुत अच्छा रहा है। हमारे मैच अभी भी बाकी हैं। हमें उम्मीद है कि हम यहां से 9 से 10 मेडल घर लाएंगे, ठीक वैसे ही जैसे हमने पिछले एशियन गेम्स में देश को 9 मेडल दिलाए थे। हम उससे कम नहीं जीतेंगे। हमारी तैयारी बहुत अच्छी रही है। इसके लिए मैं भारत सरकार को धन्यवाद देना चाहूंगा। सरकार ने हमें भारत और जापान दोनों जगह बेहतरीन सुविधाएं दीं। इसकी वजह से एथलीट यहां बिना किसी चिंता या डर के प्रदर्शन कर पा रहे हैं। मैं अपने सभी देशवासियों को भी धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने मैचों से पहले और मैचों के दौरान हमारा साथ दिया और आगे भी देते रहेंगे।"
भारतीय महिला कंपाउंड आर्चरी टीम ने बुधवार को ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस टीम में चिकिथा तानिपार्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम शामिल थीं।
इसके बाद, राजेश जाधव और चिकिथा तानिपार्थी की जोड़ी ने मिक्स्ड कंपाउंड इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को एक रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर गोल्ड मेडल जीता।
फाइनल में मुकाबला 157-157 की बराबरी पर खत्म हुआ, जिसके बाद भारतीय जोड़ी ने शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया के पार्क जुंगयून और चोई योंगही को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट का कोटा भी हासिल कर लिया है। यह इवेंट पहली बार ओलंपिक में शामिल किया जाएगा।
भारत ने हांगझोऊ 2023 में रिकॉर्ड नौ मेडल जीते थे, जिनमें पांच गोल्ड, दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज थे। आर्चरी कोच जीवनजोत सिंह ने इसी प्रदर्शन की बराबरी करने या इसे पीछे छोड़ने की बात कही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 12:03 PM IST












