अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले कांग्रेस सांसद रंधावा ने पूछे तीखे सवाल, ड्रोन से तस्करी पर केंद्र को घेरा

अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले कांग्रेस सांसद रंधावा ने पूछे तीखे सवाल, ड्रोन से तस्करी पर केंद्र को घेरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को अमित शाह से पंजाब से जुड़े 7 अहम सवालों के जवाब मांगे हैं।

जालंधर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को अमित शाह से पंजाब से जुड़े 7 अहम सवालों के जवाब मांगे हैं।

रंधावा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "अमित शाह, दिल्ली में बैठकर आप मेरे द्वारा पंजाब के मुद्दों पर लिखे गए पत्रों का जवाब नहीं देते। आप खुद पंजाब आ रहे हैं, उम्मीद है कि पंजाब के हित में पूछे गए इन सवालों का जवाब जरूर देंगे।"

रंधावा ने सवाल उठाया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशा और हथियार पंजाब पहुंचने की घटनाएं अब भी सामने आ रही हैं। जब अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा बीएसएफ के हाथ में है, तो यह सप्लाई चेन पूरी तरह क्यों नहीं टूट रही? उन्होंने पूछा कि एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी पर किए जा रहे काम के ग्राउंड-लेवल नतीजे क्या हैं और पूरी बॉर्डर बेल्ट को प्रभावी कवरेज कब तक मिलेगी।

कांग्रेस सांसद ने सवाल किया कि जेलों के अंदर से और विदेशों में बैठकर पंजाब में फिरौती, हत्याएं और ऑर्गेनाइज्ड क्राइम चलाने वाले गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ केंद्र की स्ट्रेटेजी क्या है? रंधावा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अकेले सितंबर महीने में ही पंजाब के सीमावर्ती जिलों से 100 किलो से अधिक हेरोइन बरामद हुई है। अगर सीमाओं पर केंद्र सरकार की निगरानी है, तो यह जहर अंदर कैसे पहुंच रहा है?

पुलिस थानों और चौकियों पर हुए ग्रेनेड अटैक जैसे मामलों के पीछे मौजूद नेटवर्क और हैंडलर्स तक पहुंचने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं? उन्होंने पूछा कि विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स और हैंडलर्स को भारत वापस लाने की कार्रवाई कहां तक पहुंची है।

आखिरी सवाल में रंधावा ने पूछा कि ड्रग्स, हथियार और ऑर्गेनाइज्ड क्राइम के खिलाफ बीएसएफ, एनआईए, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और पंजाब पुलिस के बीच कोऑर्डिनेशन को और मजबूत करने का रोडमैप क्या है?

अपने पोस्ट के अंत में रंधावा ने तंज कसते हुए लिखा, "अगर आप सच में पंजाब के हितैषी हैं, तो सख्त कदम उठाइए और नतीजे दीजिए। अगर सिर्फ राजनीतिक यात्रा के लिए पंजाब आए हैं, तो मैं आपकी सुखद यात्रा के लिए अरदास करता हूं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 Sept 2026 12:24 PM IST

Tags

Next Story