खुद जीते तो जनता का जनादेश, हारे तो ईवीएम पर दोष; मानसिकता बदलें राहुल गांधी शाइना एनसी
मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एसआईआर और ईवीएम को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जब किसी राज्य में चुनाव जीतती है तो इसे जनता का जनादेश बताया जाता है लेकिन जब किसी राज्य में चुनाव हारती है तो इसका दोष ईवीएम पर लगाया जाता है।
शाइना एनसी का यह बयान उस वक्त आया, जब राहुल गांधी ने कहा कि यमुना किनारे बेला एस्टेट में 728 लोग रहते हैं। एसआईआर के बाद मतदाता सूची में सिर्फ एक नाम बचा और बाकी 727 नाम काट दिए गए।
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए शाइना एनसी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी अपने फैक्ट्स वेरिफाई करें। 2023 में बेला एस्टेट मामले में माननीय कोर्ट ने ही कहा था कि यह यमुना पर एक गैरकानूनी कब्जा है। जब बीएलओ मौके पर गए तो उन्होंने जांच की और पाया कि वहां कोई घर नहीं था और कोई वोटर भी नहीं था। वे वहां तीन बार गए। अगर आप एसडीएम को हटाने की मांग करके और यह कहकर कि 'मैं देख लूंगा', कब्जा करने वालों का साथ दे रहे हैं, तो आप ऐसा कहने वाले कौन होते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर आप तेलंगाना और कर्नाटक में चुनाव जीतते हैं तो यह जनता का जनादेश है लेकिन जैसे ही दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव हारते हैं तो इसे ईवीएम की छेड़छाड़ बताते हैं। राहुल गांधी को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है।
इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर शाइना एनसी ने शिवसेना(यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग घर से काम करते हैं, उनके लिए घर पर रहना आदत बन गई है। इंडिया ब्लॉक अलायंस में कुछ भी नहीं बचा है। अगर आप वर्चुअल कमिटमेंट का हिस्सा बनना चुनते हैं, तो वह कमिटमेंट जमीन पर होना चाहिए, फेसबुक लाइव और वीसी के जरिए नहीं।
इसी बीच, उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का पपेट बताया। वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे की घटना पर उन्होंने कहा कि ठाणे की घटना चौंकाने वाली है और यह महाराष्ट्र की संस्कृति या सभ्यता नहीं है। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन जांच कर रहे हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हमें मुंबई पुलिस पर भरोसा है कि घटना का निष्पक्ष खुलासा किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 2:06 PM IST












