एशियन गेम्स पीएम मोदी ने हॉकी टीम की ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीत को सराहा, अन्य एथलीट्स को बधाई दी
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत की पुरुष हॉकी टीम को एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड जीतने पर बधाई दी। टीम ने काकामिगहारा के गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराकर शानदार जीत हासिल की। पीएम ने इस सफर को भारतीय हॉकी के लिए असाधारण बताया।
इस जीत के साथ भारत ने अपने इतिहास में पहली बार महाद्वीपीय खिताब बरकरार रखते हुए और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया।
पीएमओ ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "फाइनल में शानदार जीत के साथ एशियन गेम्स का गोल्ड बरकरार रखने पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। पहली बार लगातार एशियन गेम्स में गोल्ड और कुल मिलाकर पांचवां गोल्ड... हमारे खिलाड़ियों का यह सफर असाधारण रहा है। यह जीत और भी खास हो जाती है, क्योंकि पहली बार हमारी पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने एक ही एशियन गेम्स में गोल्ड जीता है। यह साफ है कि एशियाई मंच पर भारतीय हॉकी का दबदबा है।"
पीएम मोदी ने भारतीय खेलों के लिए एक शानदार दिन पर मेडल जीतने वाले पहलवानों अमन सहरावत और दीपक पूनिया को भी बधाई दी।
पुरुषों के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कैटेगरी में गोल्ड जीतने वाले अमन की तारीफ में पीएम ने कहा, "अमन सहरावत की क्या शानदार जीत है। उन्होंने पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल रेसलिंग इवेंट में भारत का पहला एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। पिछले एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल से लेकर इस बार पोडियम पर सबसे ऊपर जगह बनाने तक, अमन ने जबरदस्त जज्बा दिखाया है।"
प्रधानमंत्री ने दीपक पूनिया की भी तारीफ की, जिन्होंने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 97 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
पीएमओ ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "छह दशक बाद, भारत एशियन गेम्स में पुरुषों के 97 किग्रा फ्रीस्टाइल रेसलिंग इवेंट में पोडियम पर लौटा है। दीपक पूनिया ने कड़े मुकाबले के बाद ब्रॉन्ज मेडल जीता है और भारत की रेसलिंग यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ा है।"
शनिवार को प्रणवी उर्स एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं। उनकी सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "इतिहास में दर्ज होने वाली उपलब्धि। एशियन गेम्स में महिलाओं के व्यक्तिगत गोल्फ में भारत का पहला गोल्ड मेडल जीतने पर प्रणवी शरथ उर्स को बधाई। उनके शानदार प्रदर्शन ने देश को खेल जगत का एक यादगार पल दिया है। उम्मीद है कि यह जीत और भी युवा भारतीयों को इस खेल की ओर आकर्षित करेगी और उन्हें शीर्ष पर पहुंचने के लिए प्रेरित करेगी। बहुत बढ़िया खेल और प्रणवी को शुभकामनाएं।"
एशियन गेम्स 2026 में भारत की 17 वर्षीय युवा महिला आर्चरी खिलाड़ी कुमकुम मोहोद ने व्यक्तिगत रिकर्व आर्चरी के इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने के साथ इतिहास रच दिया। पीएम ने कुमकुम की तारीफ में कहा, "एक ऐसा गोल्ड मेडल जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। 2026 एशियन गेम्स में रिकर्व व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने पर कुमकुम अनिल मोहोद को बधाई। निर्णायक शूट-ऑफ में उनका संयम और धैर्य वाकई शानदार था। वे और भी ऊंचाइयां हासिल करें। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 8:10 PM IST












