असम इंडिया पोस्ट ने शाखा डाकघरों के बीच डाक बैगों के परिवहन को शुरू की ड्रोन सेवा ज्योतिरादित्य सिंधिया
गुवाहाटी, 11 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने बताया कि इंडिया पोस्ट ने असम में शाखा डाकघरों के बीच डाक बैगों के परिवहन के लिए ड्रोन सेवा की शुरुआत कर दी है। यह असम में डाक परिवहन के लिए पहली ड्रोन उड़ान है, जिससे दूरदराज और दुर्गम इलाकों में डाक सेवाओं को तेज और अधिक विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इंडिया पोस्ट, स्काई एयर मोबिलिटी के सहयोग से असम में 40 रूटों पर ड्रोन आधारित डाक सेवा शुरू कर रहा है। यह नेटवर्क असम और हिमाचल प्रदेश के कुल 150 रूटों को कवर करेगा। इसके जरिए डाक के परिवहन को तेज, भरोसेमंद और ट्रैक करने योग्य बनाया जाएगा, खासकर उन क्षेत्रों में जहां पहुंचना मुश्किल होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तकनीक आधारित जनसेवा के विजन के अनुरूप डाक विभाग नई तकनीकों को अपना रहा है, ताकि देश के हर कोने तक डाक सेवाएं पहुंचाई जा सकें। इसी तरह की पहल की शुरुआत 12 जून को हिमाचल प्रदेश में की गई थी। डाक विभाग ने सबसे पहले मंडी प्रधान डाकघर और रिहरधार शाखा डाकघर के बीच ड्रोन आधारित डाक एवं पार्सल सेवा शुरू की थी।
डाक विभाग के अनुसार, यह योजना ज्योतिरादित्य सिंधिया की ग्रामीण डाक सेवकों और डाक कर्मचारियों के साथ हुई बातचीत के दौरान सामने आए सुझावों के आधार पर तैयार की गई। कर्मचारियों ने दुर्गम क्षेत्रों में तेज और बेहतर संपर्क व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया था। डाक विभाग ने अगले दो से तीन महीनों में हिमाचल प्रदेश और असम के करीब 150 चिन्हित रूटों पर ड्रोन आधारित डाक सेवा शुरू करने की योजना बनाई है। मंडी-रिहरधार रूट इस परियोजना का पहला परिचालन रूट बना।
रिहरधार शाखा डाकघर, मंडी प्रधान डाकघर से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित है। पारंपरिक व्यवस्था के तहत वहां डाक पहुंचाने में दो घंटे से अधिक समय लगता था जबकि ड्रोन सेवा शुरू होने के बाद यह समय घटकर लगभग सात मिनट रह गया है।
डाक विभाग का कहना है कि ड्रोन सेवा पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में परिवहन संबंधी चुनौतियों को दूर करने के साथ-साथ रियल टाइम ट्रैकिंग की सुविधा भी प्रदान करती है। इसके अलावा यह पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का माध्यम भी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Aug 2026 9:09 PM IST












