'ऑरा इंडिया टूर' से पहले आगरा पहुंचे दिलजीत दोसांझ, ताजमहल में बिताए खास पल

मुंबई, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगरा पहुंचकर ऐतिहासिक ताजमहल का दीदार किया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि गायक दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल की सफेद संगमरमर की वास्तुकला और सुंदरता का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। यह दौरा उनके आगामी 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के तहत हो रहा है, जिसमें उनका अगला बड़ा कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों के चलते कार्यक्रम की अनुमति पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरें सामने आने लगी थीं। अब बुक माय शो की टीम ने साफ किया है कि शो रद्द नहीं हुआ था बल्कि इसकी अनुमति अस्थायी रूप से रोकी गई थी।
आयोजकों ने दिल्ली पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ को संभालने से जुड़ी अतिरिक्त तैयारियों की जानकारी दी। इसके बाद कार्यक्रम की अनुमति पर दोबारा विचार किया गया और मंजूरी जारी कर दी गई। भीड़भाड़ और यातायात नियंत्रित करने के लिए स्टेडियम के आसपास 500 से 700 मीटर का 'नो-कार जोन' बनाया जाएगा।
स्टेडियम और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें करीब 1,500 से 2,000 निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बुकमायशो लाइव की टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ सौहार्दपूर्ण बैठक की और कॉन्सर्ट को लेकर अपनी विस्तृत योजना पेश की। आयोजकों ने पुलिस को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी सभी जरूरी शर्तों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
इसके बाद पुलिस ने कॉन्सर्ट को मंजूरी देने पर दोबारा विचार किया और अनुमति दे दी। इस अपडेट से उन फैंस को राहत मिली है, जो शो को लेकर असमंजस में थे। दिलजीत के दिल्ली शो को मंजूरी मिलने के बाद अब उनके फैंस 30 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम का इंतजार कर रहे हैं। उनके 'ऑरा इंडिया टूर' में दिल्ली के बाद इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ समेत अन्य शहरों में भी कॉन्सर्ट हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
