नशे के खिलाफ अभियान जारी, अवंतीपोरा पुलिस ने कुख्यात नशा तस्कर को किया गिरफ्तार

अवंतीपोरा, 12 नवंबर (आईएएनएस)। नशे के कारोबार के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए अवंतीपोरा पुलिस ने लेथपोरा क्षेत्र के कुख्यात नशा तस्कर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिक इन नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज (पीआईटी-एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जिला जेल भद्रवाह भेज दिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मेहराज-उद-दीन गनई निवासी क्रांचू पंपोर, वर्तमान निवासी न्यू कॉलोनी लेथपोरा, अवंतीपोरा के रूप में हुई है। उसकी नजरबंदी का आदेश पुलिस द्वारा तैयार और प्रस्तुत विस्तृत डोजियर के आधार पर संभागीय आयुक्त कश्मीर ने जारी किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं। उस पर स्थानीय युवाओं को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने और नशा तस्करी में संलिप्त रहने के आरोप हैं। बार-बार कानूनी कार्रवाई के बावजूद वह कथित रूप से अपनी अवैध गतिविधियों को जारी रखे हुए था।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी कई बार अदालतों से जमानत हासिल करने में सफल रहा लेकिन इसके बावजूद उसने कथित रूप से नशीले पदार्थों के कारोबार में अपनी संलिप्तता नहीं छोड़ी। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए अवंतीपोरा पुलिस ने पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत डोजियर तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजा था। इसके बाद संभागीय आयुक्त कश्मीर ने उसके खिलाफ निरोधात्मक आदेश जारी किया। अवंतीपोरा पुलिस की टीम ने गुरुवार को इस निरोधात्मक वारंट को सफलतापूर्वक निष्पादित करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जिला जेल भद्रवाह भेज दिया।
अवंतीपोरा पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशा तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।
इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में नशे के बढ़ते खतरे पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी अवंतीपोरा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7051404859 पर देने की अपील की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
