आयुष पांडे ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, इंडिया 'ए' टीम में जगह बनाने वाले छत्तीसगढ़ के पहले क्रिकेटर बने
रायपुर, 7 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के युवा बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन इंडिया 'ए' टीम में हुआ है। वह इंडिया 'ए' टीम में जगह बनाने वाले छत्तीसगढ़ के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। यह छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। आयुष पांडे का इंडिया 'ए' टीम में चयन श्रीलंका ए के खिलाफ 25 जून से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाली 2 चार दिवसीय टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए किया गया है।
आयुष एक सलामी बल्लेबाज हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। पिछले कुछ वर्षों में रणजी ट्रॉफी समेत विभिन्न प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाई है।
रायपुर की रियाज क्रिकेट अकादमी से क्रिकेट का शुरुआती प्रशिक्षण लेने वाले आयुष ने कम उम्र में ही खेलना शुरू कर दिया था। जूनियर क्रिकेट से लेकर रणजी ट्रॉफी तक का सफर उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर तय किया है। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में समय-समय पर मिले प्रशिक्षण ने भी उनके खेल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयुष के पिता ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि परिवार के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि आयुष करीब सात साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहे हैं। उनकी खेल के प्रति रुचि और शारीरिक सक्रियता को देखकर परिवार को शुरू से ही विश्वास था कि वह खेल जगत में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि आयुष ने 11 वर्ष की उम्र में पहली बार आयु वर्ग की राज्य टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
आयष के पिता ने कहा कि वह बतौर ओपनर बल्लेबाज खेलते हैं और रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी सहित कई बड़े टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर काम कर रहा है। इसका लाभ प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को मिल रहा है।
बाएं हाथ के 22 साल के बल्लेबाज आयुष ने 19 प्रथम श्रेणी मैचों की 34 पारियों में 4 शतक और 5 अर्धशतक लगाते हुए 1,430 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 211 है। इसी प्रदर्शन की बदौलत आयुष को इंडिया 'ए' टीम में जगह मिली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Jun 2026 5:23 PM IST












