शान मसूद की जगह सलमान आगा हो सकते हैं पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान रिपोर्ट

शान मसूद की जगह सलमान आगा हो सकते हैं पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान रिपोर्ट
पाकिस्तान क्रिकेट में टेस्ट कप्तानी में बदलाव होने जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सलमान आगा को शान मसूद की जगह टेस्ट का कप्तान बनाया जा सकता है। मसूद का बतौर टेस्ट कप्तान पिछले तीन साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है।

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट में टेस्ट कप्तानी में बदलाव होने जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सलमान आगा को शान मसूद की जगह टेस्ट का कप्तान बनाया जा सकता है। मसूद का बतौर टेस्ट कप्तान पिछले तीन साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है।

मसूद ने दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से 16 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है। पाकिस्तान को 12 टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। पिछले महीने बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार उनकी लगातार चौथी हार थी।

टेस्ट क्रिकेट के 150 साल के इतिहास में, बांग्लादेश, आयरलैंड और अफगानिस्तान को छोड़कर शीर्ष नौ देशों में मसूद एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने अपने शुरुआती 12 टेस्ट मैच गंवाए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मसूद ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी से अनुरोध किया है कि निरंतरता बनाए रखने के लिए उन्हें न हटाया जाए। लेकिन नकवी ने शान मसूद के नेतृत्व में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें टेस्ट कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है।

पिछले साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चक्र में पाकिस्तान नौवें स्थान पर रहा था।

टेलीकॉमएशिया की रिपोर्ट के अनुसार, "नकवी अब मसूद से तंग आ चुके हैं। उन्हें और उनके सलाहकारों को लगता है कि मसूद की जगह लेने के लिए आगा सबसे अच्छे उम्मीदवार हैं, क्योंकि अगले कुछ महीनों में वेस्टइंडीज में दो और इंग्लैंड में तीन मुश्किल टेस्ट मैच खेले जाने हैं।"

इंग्लैंड दौरे से पहले पाकिस्तान त्रिनिदाद में दो टेस्ट मैच खेलेगा, जिसकी शुरुआत 25 जुलाई से होगी। इंग्लैंड में पहला टेस्ट 19 अगस्त से लीड्स में खेला जाएगा।

मसूद दो टेस्ट मैचों की सीरीज में बतौर बल्लेबाज भी नाकाम रहे और चार पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगा पाए, जिससे टीम में उनकी जगह बनाए रखना मुश्किल हो गया है।

कोचिंग स्टाफ में पूर्व कप्तान सरफराज अहमद हेड कोच और उमर गुल गेंदबाजी कोच के तौर पर बने रहेंगे। कैरेबियन दौरे के लिए नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज को 'डायरेक्टर इंटरनेशनल क्रिकेट' बनाने पर भी विचार कर रहा है। यह विभाग बेहतर क्रिकेट शेड्यूल पाने और खिलाड़ियों की प्रगति पर नजर रखने के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।

हालांकि, हफीज ने टेलीकॉमएशिया को बताया कि उन्हें अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं मिला है, लेकिन अगर कोई प्रस्ताव मिलता है तो वे उस पर विचार करेंगे।

32 साल के सलमान अली आगा पाकिस्तान के लिए 25 टेस्ट मैचों की 48 पारियों में 3 शतक और 12 अर्धशतकों की मदद से 1,663 रन बना चुके हैं। उनका सर्वाधित स्कोर नाबाद 132 है। सलमान मार्च 2025 से पाकिस्तान के टी20 फॉर्मेट की कप्तानी संभाल रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Jun 2026 8:26 PM IST

Tags

Next Story