'शानदार डेब्यू', सुनील गावस्कर ने अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू कर रहे मानव सुथार की तारीफ की
न्यू चंडीगढ़, 7 जून (आईएएनएस)। महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारत की स्थिति बेहद मजबूत है। भारत ने 8 विकेट पर 564 रन पर पारी घोषित करने के बाद गेंदबाजी में भी दमदार प्रदर्शन किया है और रविवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 113 के स्कोर पर अफगानिस्तान के 5 विकेट गिराकर टेस्ट मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
भारत की तरफ से अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की है और 3 विकेट झटके हैं। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने मानव की प्रशंसा की है।
गावस्कर ने जियो हॉटस्टार पर कहा, "मानव सुथार ने निश्चित रूप से अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की है। उनका सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी के दौरान दिखाया गया आत्मविश्वास भी काफी प्रभावशाली था, खासकर जिस तरह से उन्होंने अपने पैरों का इस्तेमाल किया और क्रीज पर सहज दिखे।"
उन्होंने कहा, "गेंदबाजी में वे बेहद सटीक रहे और लगातार बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। पिच से उन्हें थोड़ी मदद भी मिली जिसका उन्होंने अच्छा फायदा उठाया, लेकिन किसी भी स्पिनर के लिए असली परीक्षा सपाट पिचों पर होती है जहां ज्यादा विविधता और परिस्थितियों के अनुसार ढलने की क्षमता की जरूरत होती है।"
भारत के पूर्व कप्तान का मानना है कि सुथार ने काफी उम्मीदें जगाई हैं और वे लंबे फॉर्मेट में एक मजबूत विकल्प बन सकते हैं।
गावस्कर ने कहा, "यह एक बहुत ही उत्साहजनक डेब्यू है, और उन्होंने टेस्ट स्तर पर आगे चलकर एक मजबूत दावेदार बनने के गुण दिखाए हैं।"
मानव सुथार ने बल्लेबाजी के दौरान 41 गेंदों पर 28 रन बनाए थे। इसके बाद, गेंदबाजी करते हुए, वह 15.5 ओवर में 7 मेडन फेंकते हुए मात्र 21 रन देकर 3 विकेट ले चुके हैं। सुथार ने अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज, और अफसर जजई का विकेट लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Jun 2026 9:07 PM IST












