उमंग: स्वस्थ शरीर, सुरक्षित शहर का संदेश, नागपुर पुलिस की साइकिल रैली में युवाओं ने दिखाया जोश

स्वस्थ शरीर, सुरक्षित शहर का संदेश, नागपुर पुलिस की साइकिल रैली में युवाओं ने दिखाया जोश
  • 7 किलोमीटर की रैली में पुलिस अधिकारी, छात्र और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी
  • अधिकारियों ने नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को जीवनशैली बनाने की अपील की
  • फिट इंडिया अभियान और विश्व साइकिल दिवस के तहत “साइकिल ऑन व्हील्स” का आयोजन

Nagpur News. स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और नागरिकों में फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नागपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा रविवार को “साइकिल ऑन व्हील्स” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन केंद्र सरकार के फिट इंडिया अभियान तथा विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में किया गया।

फिटनेस पखवाड़े के अंतर्गत 1 जून से 14 जून तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें साइक्लिंग, योग, जुम्बा डांस और रस्सीकूद जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसी श्रृंखला में रविवार सुबह 6:30 बजे पुलिस जिमखाना, वॉकर रोड, सिविल लाइंस से साइकिल रैली का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ नागपुर शहर के सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली पुलिस जिमखाना से शुरू होकर रामगिरी बंगला टी-पॉइंट, साइकिल चौक, तेलंगखेड़ी मंदिर और फुटाला वाई-पॉइंट होते हुए निर्धारित मार्ग से वापस पुलिस जिमखाना पहुंची। कुल लगभग 7 किलोमीटर की इस रैली में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

रैली में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र दाभाडे, वसंत परदेशी, विनीता शाहू, पुलिस उपायुक्त आदित्य मिरखेलकर, अन्नपूर्णा सिंह, शशिकांत सातव सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक भी शामिल हुए, जिन्होंने फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने नियमित व्यायाम, साइक्लिंग और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से “फिट इंडिया” अभियान से जुड़कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

Created On :   7 Jun 2026 9:47 PM IST

Tags

Next Story