मुसीबत का सबब: मिहान-सेज में गैस पाइपलाइन खुदाई से बिजली संकट - उद्योग ठप, एयर इंडिया MRO का काम लड़खड़ाया

मिहान-सेज में गैस पाइपलाइन खुदाई से बिजली संकट -  उद्योग ठप, एयर इंडिया MRO का काम लड़खड़ाया
  • खुदाई ने बिगाड़ी ‘लाइट-लाइन’
  • एयर इंडिया MRO पर सबसे बड़ा झटका
  • 246 मेगावाट प्लांट के बावजूद अंधेरा, मरम्मत तेज
  • तीसरे दिन भी कई कंपनियों का काम ठप

Nagpur News. मिहान-सेज में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रही खुदाई औद्योगिक क्षेत्र के लिए भारी मुसीबत बन गई। खुदाई के दौरान भूमिगत बिजली केबल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे पूरी बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। कई कंपनियां अंधेरे में डूब गईं और उत्पादन ठप हो गया। कुछ इकाइयां किसी तरह डीजल जनरेटर के सहारे काम चला रही हैं। कंपनियों का कामकाज प्रभावित

  • एयर इंडिया के एमआरओ पर ज्यादा असर पड़ा
  • बिजली संकट के चलते कामकाज रोकना पड़ा

खुदाई में कट गए बिजली के केबल

सूत्रों के अनुसार एक निजी गैस कंपनी मिहान-सेज क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस नेटवर्क के लिए पाइपलाइन बिछा रही है। इसी दौरान की गई खुदाई में बिजली आपूर्ति के केबल क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद बुधवार तड़के करीब 3.30 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई औद्योगिक इकाइयां अंधेरे में डूबे रहे। कुछ कंपनियों को अपना कामकाज रोकना पड़ा है। अधिकांश कंपनियां डीजल जनरेटर के सहारे अपना काम चला रही है।

एयर इंडिया एमआरओ में कर्मचारियों को छुट्टी

बिजली संकट का असर देश के सबसे बड़े विमान मरम्मत केंद्रों में शामिल एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल) के एमआरओ पर भी पड़ा है। बिजली उपलब्ध नहीं होने के कारण शुक्रवार को कर्मचारियों को अवकाश पर भेज दिया गया। इससे विमान रखरखाव और तकनीकी कार्य प्रभावित हुए हैं।

246 मेगावाट पावर प्लांट के बावजूद संकट

मिहान-सेज में बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) के पास है। सेज के समीप खैरी खुर्द में बिजली संयंत्र मौजूद है। जिसकी क्षमता 246 मेगावाट है। आपातकालीन स्थिति के लिए 25 मेगावॉट का डीजल जनरेटर बैकअप भी लगाया गया है। इसके बावजूद वितरण नेटवर्क को नुकसान पहुंचने से उद्योगों तक बिजली नहीं पहुंच पा रही है।

कुछ जगह लौटी बिजली, मरम्मत जारी

एमएडीसी के एक अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त केबलों की मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है। कुछ कंपनियों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि बाकी इकाइयों में भी जल्द आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास जारी है। अधिकारियों का दावा है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही पूरे मिहान-सेज क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पटरी पर लौट आएगी।

Created On :   5 Jun 2026 5:57 PM IST

Tags

Next Story