- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर एयरपोर्ट से साढ़े चार महीने...
यात्रियों की बढ़ती संख्या: नागपुर एयरपोर्ट से साढ़े चार महीने में 12 लाख यात्रियों ने भरी उड़ान, 74.86 करोड़ का राजस्व

- 360 प्राइवेट जेट और 183 हेलिकॉप्टरों की हुई लैंडिंग, जो एयरपोर्ट पर बढ़ते वीआईपी और बिजनेस मूवमेंट को दर्शाता है
- साढ़े चार महीनों में 360 प्राइवेट जेट और 183 हेलिकॉप्टरों की लैंडिंग दर्ज की गई
- एयरपोर्ट की आय में यूजर डेवलपमेंट फीस (44.44 करोड़ रुपए) सबसे बड़ा हिस्सा रही
- कुल 12,22,413 यात्रियों में 6,15,116 ने प्रस्थान किया जबकि 6,07,297 यात्री नागपुर पहुंचे।
Nagpur News. डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2026 के पहले साढ़े चार महीनों में 12.22 लाख से अधिक यात्रियों ने नागपुर एयरपोर्ट से यात्रा की। इसी अवधि में एयरपोर्ट का संचालन करने वाली मिहान इंडिया लिमिटेड (एमआईएल) को विभिन्न शुल्कों के जरिए 74.86 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।
आरटीआई में सामने आए आंकड़े
सूचना के अधिकार के तहत यह आकड़े सामने आए है। आरटीआई के तहत एमआईएल द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार 1 जनवरी से 15 मई 2026 तक कुल 12,22,413 यात्रियों ने नागपुर एयरपोर्ट से आवागमन व प्रस्थान किया है। कुल यात्रियों में 6,15,116 यात्री नागपुर से अन्य शहरों और देशों के लिए रवाना हुए, जबकि 6,07,297 यात्री यहां पहुंचे।
- कुल यात्री: 12,22,413
- प्रस्थान (डिपार्चर): 6,15,116
- आगमन (अराइवल): 6,07,297
74.86 करोड़ रुपए की कमाई
एयरपोर्ट को इस अवधि में विमान संचालन शुल्क, यूजर डेवलपमेंट फीस, कार्गो और अन्य स्रोतों से कुल 74.86 करोड़ रुपए का राजस्व मिला। इसमें यूजर डेवलपमेंट फीस से सबसे अधिक 44.44 करोड़ रुपए की आय हुई, जबकि विमान संचालन से 17.43 करोड़ रुपए और गैर-विमानन गतिविधियों से 12.04 करोड़ रुपए प्राप्त हुए।
एयरपोर्ट को विभिन्न स्रोतों से आय प्राप्त हुई
- यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF): 44.44 करोड़ रुपए
- विमान संचालन शुल्क: 17.43 करोड़ रुपए
- गैर-विमानन गतिविधियाँ: 12.04 करोड़ रुपए
कार्गो हब से भी बढ़ा राजस्व
कार्गो गतिविधियों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 15 मई तक कार्गो हब से 16.64 मीट्रिक टन माल की आवाजाही हुई, जिससे 4.80 करोड़ रुपए की रॉयल्टी आय हुई। इसमें 15.41 मीट्रिक टन आयातित माल नागपुर पहुंचा, जबकि 1.23 मीट्रिक टन माल विदेशों को निर्यात किया गया।
वीआईपी और उद्योगपतियों की बढ़ी आवाजाही
नागपुर एयरपोर्ट वीआईपी, उद्योगपतियों और राजनीतिक हस्तियों की आवाजाही का भी प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। साढ़े चार महीनों में यहां 360 निजी विमानों और 183 हेलिकॉप्टरों की सफल लैंडिंग दर्ज की गई।
Created On :   5 Jun 2026 5:08 PM IST












