आशिकी पड़ी महंगी: प्रेमिका की फरमाइशें पूरी करने नानी के घर में ही लगा दी सेंध, रिश्ते टूटे और युवक हुआ गिरफ्तार

प्रेमिका की फरमाइशें पूरी करने नानी के घर में ही लगा दी सेंध, रिश्ते टूटे और युवक हुआ गिरफ्तार
  • गणेशपेठ पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर नकदी व सोने के जेवरात बरामद किए
  • 13 हजार नकद और करीब 1.93 लाख के जेवर चोरी कर प्रेमिका पर खर्च करने का खुलासा
  • पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकारा, सराफा व्यापारी से भी बरामद हुआ माल

Nagpur News. जिस नानी ने बचपन में प्यार और स्नेह से पाला-पोसा, उसी के घर को एक युवक ने अपनी प्रेम कहानी के खर्च का जरिया बना लिया। गणेशपेठ पुलिस ने एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी प्रेमिका पर खर्च करने के लिए अपनी ही नानी के घर से नकदी और सोने के जेवर चुरा लिए।

मामला गणेशपेठ थाना क्षेत्र के इंदिरानगर झोपड़पट्टी, शुक्रवारी तालाब के पास का है। 60 वर्षीय सुभद्रा किशोर मस्ते ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की अलमारी में रखे 13 हजार रुपए नकद तथा सोने की चेन, अंगूठी और कान के आभूषण सहित कुल लगभग 1.93 लाख रुपए मूल्य के जेवरात गायब हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 29 मई को शिकायतकर्ता का नाती तुषार प्रदीप मस्ते (22), निवासी इंदिरानगर, उनके घर आया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका पर खर्च करने के लिए पैसों की जरूरत महसूस कर रहा था, इसी लालच में उसने नानी के घर से नकदी और जेवरात चुरा लिए। चोरी के बाद उसने कुछ सोने के आभूषण एक सराफा व्यापारी को बेच दिए थे।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सराफा व्यापारी से चोरी के जेवर बरामद कर लिए, जबकि आरोपी के कब्जे से शेष माल भी जब्त कर लिया गया। पूरी चोरी का माल बरामद कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विनीता साहू, पुलिस उपायुक्त राहुल मदने, सहायक पुलिस आयुक्त अनीता मोरे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अतुल तवाडे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक विजय नाचण, समीर शेख, पवन मालखेड़े, वैभव यादव और प्रतीक इटनकर की टीम ने की। मामले की आगे की जांच गणेशपेठ पुलिस कर रही है।

Created On :   7 Jun 2026 9:58 PM IST

Tags

Next Story