- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत की...
भरोसा: पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत की उम्मीद, मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा - केंद्र सरकार उचित निर्णय लेगी

Nagpur News. पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आम जनता को राहत मिलने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण सभी देशों में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों पर असर पड़ा है, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर कीमतों में राहत संभव है। इस संबंध में केंद्र सरकार उचित निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस रविवार को सुरेश भट सभागृह में आयोजित खासदार क्रीड़ा महोत्सव के समापन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतों पर दबाव बना हुआ है, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में हाल ही में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो 7 जून से लागू हो गई है। इससे पहले 7 मार्च को भी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि हुई थी। इस तरह अल्प अवधि में एलपीजी सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव के कारण तेल कंपनियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। हालांकि केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हालात सामान्य होने के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
किसानों से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बारिश हो रही है, वहां किसानों को दोबारा बुआई की स्थिति से बचाने के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है। राज्य सरकार किसानों के नुकसान को कम से कम करने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में “नो टॉलरेंस फॉर ड्रग्स” अभियान चलाया जा रहा है और मादक पदार्थों के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने इथेनॉल आधारित ईंधन नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराष्ट्र देश में सबसे अधिक इथेनॉल उत्पादन करने वाला राज्य है, इसलिए इस नीति का सबसे अधिक लाभ राज्य और किसानों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण (ई-20) किया जा रहा है, जिसे भविष्य में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही ई-85 जैसे उच्च इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
Created On :   7 Jun 2026 10:26 PM IST










