आजमगढ़ में पत्नी, 2 पंडितों और बेटे को मारी गोली, पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में किया ढेर
आजमगढ़, 23 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। थाना अहरौला क्षेत्र के ग्राम शम्भूपुर में अरविंद नाम के व्यक्ति ने मंगलवार देर रात अपनी पत्नी, एक बेटा और दो पंडितों की गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में बंद कर लिया। पुलिस ने समझाने और सरेंडर करने की कोशिश की तो उसने अपने बेटे को भी गोली मार दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आरोपी को ढेर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि थाना अहरौला क्षेत्रान्तर्गत ग्राम शम्भूपुर में अरविंद द्वारा अपनी पत्नी एवं 2 अन्य व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंची। इस पर आरोपी ने 3 बच्चों के साथ अपने आप को कमरे में बंद कर लिया। आरोपी अरविंद को बच्चों सहित कमरे से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस ने बच्चों को बचाने और आरोपी को सरेंडर करने के लिए समझाने का प्रयास किया, इसमें उसके परिजनों का भी सहयोग लिया गया। आरोपी द्वारा परिजनों और बच्चों को गोली मारने की धमकी दी गई। पर्याप्त चेतावनी के बावजूद आरोपी द्वारा अपने एक बच्चे को गोली मार दी गई।
एसपी ने बताया कि गोली की आवाज पर पुलिस कमरे के अंदर घुसी तो आरोपी ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने फायरिंग जारी रखी। बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी अरविंद घायल हो गया। आरोपी एवं घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान आरोपी अरविंद एवं उसके बच्चे की मृत्यु हो गई।
पुलिस द्वारा मौके से 2 बच्चों को सकुशल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल, एसओजी एवं फॉरेन्सिक टीम मौजूद है। घटनास्थल से साक्ष्य संकलन एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
एडीजी नवीन अरोड़ा ने कहा कि पुलिस ने पूरे संयम का परिचय दिया, कमांडो के जरिए रेस्क्यू करने की कोशिश की गई। इसी बीच एसपी आजमगढ़ की टीम जब बातचीत करने अंदर पहुंचे तो आरोपी ने अपने बेटे को गोली मार दी। ऐसी स्थिति में पुलिस के पास कोई चारा नहीं था। पुलिस बंधक बच्चों को बचाने का प्रयास कर रही थी। जैसे ही पुलिस बच्चों को बचाने के लिए आगे बढ़ी, आरोपी ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने फायर किया, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हुआ, उसे अस्पताल भेजा गया जहां उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को अरविंद के घर में पूजा हो रही थी। इस दौरान किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद अरविंद ने पत्नी बबीता समेत दो पुजारियों की गोली मार दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Sept 2026 8:36 AM IST












