अजरबैजान में अपने विदेश समकक्ष जेयहुन बायरामोव से मिले जयशंकर, व्यापारिक और क्षेत्रीय सहयोग पर चर्चा

बाकू, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अजरबैजान की यात्रा के दौरान शुक्रवार को अजरबैजान के विदेश मंत्री जेयहुन बायरामोव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अजरबैजान-भारत संबंधों के पूरे एजेंडे पर चर्चा की।
अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में मुलाकात की जानकारी दी। इस बैठक के दौरान बातचीत में राजनीतिक संवाद, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन, शिक्षा, विज्ञान और सांस्कृतिक सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया।
मंत्रालय के अनुसार, बैठक के दौरान अजरबैजान की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे परिवहन और लॉजिस्टिक्स अवसरों पर भी जोर दिया गया। इनमें ईस्ट-वेस्ट और नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर, बाकू-तिबिलिसी-कार्स रेलवे, पोर्ट ऑफ बाकू, अलात फ्री इकोनॉमिक जोन और अन्य औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।
वार्ता के दौरान, दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र (यूएन), सीआईसीए और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के भीतर सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
विदेश मंत्री बायरामोव ने अपने भारतीय समकक्ष को दक्षिण काकेशस क्षेत्र की स्थिति, अजरबैजान-आर्मेनिया संबंधों को सामान्य बनाने की प्रक्रिया और दोनों देशों के बीच विश्वास बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने अजरबैजान के मुक्त कराए गए क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों और वहां अब भी मौजूद बारूदी सुरंगों (लैंडमाइंस) के खतरे के बारे में भी जानकारी साझा की।
बैठक में दोनों मंत्रियों ने आपसी हितों से जुड़े अन्य द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अजरबैजान की राजधानी बाकू में राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "सुबह बाकू में अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मुलाकात करके खुशी हुई। मैंने उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुभकामनाएं पहुंचाईं। हमने दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। इस साझा प्रयास के प्रति उनके सकारात्मक रुख की सराहना करता हूं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
