निकितिन धीर को पहली पंजाबी फिल्म 'अकाल' के लिए मिला अवॉर्ड, पिता पंकज धीर को किया समर्पित

निकितिन धीर को पहली पंजाबी फिल्म अकाल के लिए मिला अवॉर्ड, पिता पंकज धीर को किया समर्पित
अभिनेता निकितिन धीर को उनकी पहली पंजाबी फिल्म 'अकाल: द अनकॉन्क्वर्ड' में नेगेटिव रोल के लिए पीटीसी पंजाबी फिल्म पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है। अभिनेता ने इस पुरस्कार को अपने पिता पंकज धीर को समर्पित किया।

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता निकितिन धीर को उनकी पहली पंजाबी फिल्म 'अकाल: द अनकॉन्क्वर्ड' में नेगेटिव रोल के लिए पीटीसी पंजाबी फिल्म पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है। अभिनेता ने इस पुरस्कार को अपने पिता पंकज धीर को समर्पित किया।

अभिनेता ने बताया कि फिल्म देखने के बाद उनके पिता को उन पर कितना गर्व हुआ था।

निकितिन धीर ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए इस सम्मान को जिंदगी भर याद रखने वाला पल बताया। उन्होंने लिखा, "यह मेरी पहली पंजाबी फिल्म थी, जिसके लिए मुझे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह एक ऐसा पल था, जिसे मैं जिंदगी भर संजो कर रखूंगा। 'अकाल' के लिए बेस्ट नेगेटिव लीड अवॉर्ड पाकर वाकई आभारी हूं।"

अपनी डेब्यू फिल्म को खास बताते हुए निकितिन ने अभिनेता-फिल्ममेकर गिप्पी ग्रेवाल को पंजाबी सिनेमा में उन्हें मौका देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, "यह डेब्यू फिल्म हमेशा मेरे दिल में एक खास जगह रखेगी और इस सम्मान ने मेरे सफर को और भी ज्यादा खास बना दिया है। गिप्पी ग्रेवाल, आपका दिल से शुक्रिया। आपने मुझ पर भरोसा करके 'अकाल' का हिस्सा बनने का यह शानदार मौका दिया।"

अभिनेता ने इस मौके पर अपने पिता पंकज धीर को भी याद किया। उन्होंने लिखा, "आज मेरा दिल पिता पंकज धीर को याद करके भर आया है, काश वे इस पल को देखने के लिए यहां पर मौजूद होते। 'अकाल' आखिरी फिल्म थी, जो उन्होंने देखी थी और इसे देखने के बाद उन्हें मुझ पर जो गर्व था, उसे मैं हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगा। काश मैं यह अवॉर्ड उनके साथ शेयर कर पाता, उनके चेहरे पर वो मुस्कान देख पाता और एक बार फिर उनसे सुन पाता कि उन्हें मुझ पर कितना गर्व है।"

उन्होंने आगे लिखा, "पापा, यह अवॉर्ड आपके लिए है। आपका आशीर्वाद और मुझ पर आपका भरोसा हमेशा मेरी सबसे बड़ी ताकत रहेगा। उम्मीद है, जहां भी आप हैं, मैं आपको गर्व महसूस कराता रहूंगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story