महाराष्ट्र पुलिस कांस्टेबल के पद पर 282 अग्निवीर नियुक्त, सीएम फडणवीस ने की घोषणा

महाराष्ट्र पुलिस कांस्टेबल के पद पर 282 अग्निवीर नियुक्त, सीएम फडणवीस ने की घोषणा
महाराष्ट्र सरकार की ओर से अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने की घोषणा की गई थी। शुक्रवार को महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने 282 अग्निवीरों को पुलिस कांस्टेबल के पदों पर नियुक्ति की मंजूरी दी।

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार की ओर से अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने की घोषणा की गई थी। शुक्रवार को महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने 282 अग्निवीरों को पुलिस कांस्टेबल के पदों पर नियुक्ति की मंजूरी दी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी गई।

सीएम फडणवीस ने एक्स पोस्ट में लिखा, "बहुत अच्छी खबर। राज्य मंत्रिमंडल में हमने यह निर्णय लिया था कि देश के लिए लड़ने वाले अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिया जाएगा। इसी के अनुरूप नियमों में जरूरी बदलाव किए गए हैं और अब 282 अग्निवीरों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई है।"

सीएम फडणवीस ने आगे लिखा, "महाराष्ट्र राज्य के रहने वाले 282 नौसेना अग्निवीरों की पहली सूची राज्य सरकार को केंद्र सरकार से प्राप्त हुई थी। इसके तहत, 282 अग्निवीरों (जिनमें 150 सीमैन डेकसाइड और 132 सीमैन इंजनसाइड शामिल हैं) को पुलिस कांस्टेबल के पद पर नियुक्त किया गया है और उन्हें इससे संबंधित आदेश भी सौंप दिए गए हैं। इन सभी को उनकी नई भूमिकाओं के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।"

बता दें कि इससे पहले 20 जून को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर आर्मर्ड कोर सेंटर में 3,052 अग्निवीरों की नई फौज तैयार हुई थी। इनका 24 सप्ताह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा हुआ था। परेड में शामिल अग्निवीरों ने सैन्य धुनों पर सटीक कदमताल करते हुए अनुशासन, जोश, प्रभावशाली उत्साह, उच्च मनोबल और उमंग का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।

समीक्षा अधिकारी ने नव प्रशिक्षित सैनिकों को संबोधित करते हुए 24 सप्ताह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि इस प्रशिक्षण ने इन युवाओं को आर्मी कोर के सशक्त सैनिकों में परिवर्तित कर दिया है। उन्होंने कहा था कि अब ये युवा और ऊर्जावान अग्निवीर आर्मी कोर की विभिन्न रेजीमेंटों में शामिल होकर राष्ट्र सेवा, गौरव और समर्पण की भावना के साथ अपना योगदान देंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story