पीयूष पांडे को याद कर छलका इला अरुण का दर्द, कहा- आप हर पल दिल में हो

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और गायिका इला अरुण ने अपने भाई और दिग्गज विज्ञापन गुरु और लेखक पीयूष पांडे की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। अभिनेत्री ने बताया कि यह हफ्ता उनके परिवार के लिए कितना मुश्किल रहा है।
गायिका ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लिखा, "प्यारे भाई पीयूष, यह हफ्ता हम सभी के लिए सबसे मुश्किल हफ्ता रहा है। आपको गए हुए लगभग एक साल होने जा रहा है। पूरे परिवार के लिए आप भगवान का दिया एक अनमोल तोहफा थे।"
गायिका ने अपने शब्दों के जरिए भाई के साथ गहरे रिश्ते और उनकी पहली पुण्यतिथि नजदीक आने के दर्द को बयां किया। उन्होंने लिखा, "जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, दिन और भारी होते जा रहे हैं। आप हर पल मेरे दिल में हो, तुम्हारी बहन इला अरुण।"
दिग्गज विज्ञापन गुरु और लेखक पीयूष पांडे का 23 अक्टूबर 2025 को 70 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया था। वे लंबे समय से एक गंभीर संक्रमण से जूझ रहे थे। यह संक्रमण धीरे-धीरे उनके पूरे शरीर और रक्त में फैल गया, जिससे उन्हें सेप्सिस हो गया। इसके कारण उनकी किडनी, लिवर और फेफड़े जैसे प्रमुख अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।
पीयूष पांडे विज्ञापन एजेंसी ऑगिल्वी इंडिया के कार्यकारी अध्यक्ष और ग्लोबल चीफ क्रिएटिव ऑफिसर थे। उन्होंने विज्ञापनों में पश्चिमी शैली की जगह ठेठ भारतीय भाषा, देसी मिजाज और भावनाओं को जोड़ा। उनके नेतृत्व में ऑगिल्वी इंडिया लगातार 12 वर्षों तक देश की नंबर वन विज्ञापन एजेंसी बनी रही।
उन्होंने फेविकॉल (ये फेविकॉल का जोड़ है), एशियन पेंट्स (हर घर कुछ कहता है), कैडबरी, पल्स पोलियो (दो बूंद जिंदगी की), राष्ट्रीय एकता गीत (मिले सुर मेरा तुम्हारा), और भाजपा के 2014 के नारे (अबकी बार मोदी सरकार) जैसे कई प्रसिद्ध विज्ञापन और स्लोगन रचे। उन्हें 2016 में पद्म श्री और 2024 में एलआईए लीजेंड अवॉर्ड सहित क्लियो और कांस लायंस जैसे कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
