बाढ़ से पीड़ित लोगों के लिए मुझे दुख है, बॉलीवुड सेलिब्रिटी और क्रिकेटर्स यहां जरूर आएं द ग्रेट खली
नाजिरा (असम), 20 अगस्त (आईएएनएस)। बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए गुरुवार को भारतीय पहलवान और डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार द ग्रेट खली असम के दोरिका कैवर्ता गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ितों को राहत सामग्री दी और इस घटना पर अफसोस जताया।
खली ने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता-अभिनेत्री से भी असम आने की अपील की। उन्होंने कहा, "असम में आई बाढ़ से बहुत दुख हुआ है और बाढ़ से काफी लोग पीड़ित हुए हैं। जो एनजीओ असम के लोगों का सपोर्ट कर रही हैं मैं उनका बहुत धन्यवाद करता हूं। मैं मीडिया का भी धन्यवाद करना चाहता हूं, क्योंकि देश में कहीं भी कोई आपदा आती है, तो मीडिया ही हर कोने-कोने तक बात पहुंचाती है।"
खली ने आगे कहा, "मैं यहां काफी समय से आने की सोच रहा था और मुझे जैसे ही मौका मिला मैं आया। मैं जितने भी क्रिकेटर हैं या बॉलीवुड के सेलिब्रिटी हैं उनसे यह कहना चाहूंगा कि आप यहां पर जरूर आइए। अपने लिए तो सभी लोग जीते हैं। हालांकि, हिन्दुस्तान की जिस जनता ने हमको और आपको स्टार बनाया है, तो आज उन पर आफत आई है। ऐसे में आप सभी यहां आइए, चाहे एक दिन या एक घंटे के लिए ही सही पर आइए जरूर। शहर से बाहर निकलिए और यहां आकर देखिए लोगों का कितना बुरा हाल हुआ है।"
खली ने बताया कि वो असम में दो दिन तक रहेंगे। ट्रू होप फाउंडेशन के एक सदस्य ने बताया कि जब उन्होंने खली को फोन किया और यहां आने की गुजारिश की, तो वो तुरंत मान गए। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि खली ने किसी भी तरह का व्यावसायिक समर्थन लेने से भी मना किया। उन्होंने बताया कि खली ने अपनी तरफ से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 5 लाख रुपये और दिए।
हालांकि, खली ने सरकार को लेकर किसी भी तरह का बयान देने से इनकार किया। उन्होंने उम्मीद जताइए कि सरकार भी बाढ़ पीड़ित लोगों की अपने स्तर पर पूरी मदद जरूर करेगी। खली के अनुसार, वह एनजीओ के माध्यम से उनसे जितना हो सकेगा उतना लोगों की मदद करने का प्रयास करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Aug 2026 7:42 PM IST












