बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे में गड़बड़ी का आरोप, जांच के लिए बनाई गई कमेटी

बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे में गड़बड़ी का आरोप, जांच के लिए बनाई गई कमेटी
अयोध्या स्थित राम मंदिर प्रकरण के बाद बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे पर भी विवाद सामने आया है। बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे में गबन का दावा किया गया है। हालांकि, मंदिर समिति ने मामले पर अपना पक्ष रखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

हल्द्वानी, 4 जुलाई (आईएएनएस)। अयोध्या स्थित राम मंदिर प्रकरण के बाद बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे पर भी विवाद सामने आया है। बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे में गबन का दावा किया गया है। हालांकि, मंदिर समिति ने मामले पर अपना पक्ष रखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

बद्रीनाथ मंदिर समिति के सदस्य हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की खबरों को लेकर बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को मंदिर समिति ने गंभीरता से लिया है।

हेमंत द्विवेदी ने बयान में कहा, "श्री बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे मामले में कथित हेरफेर के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले को मंदिर समिति ने बहुत गंभीरता से लिया है। इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यपूरक जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। जिन कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद अगर कोई भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग एक व्यक्ति को उनका निजी सचिव बताकर पोस्ट वायरल कर रहे हैं, जबकि उनका कोई भी निजी सचिव नहीं है। हेमंत द्विवेदी ने कहा, "जिस व्यक्ति को मेरा निजी सचिव बताया जा रहा है, तो मैं सभी के संज्ञान में लाना चाहता हूं कि मेरा कोई भी निजी सचिव नहीं है। ऐसे दावे पूरी तरह भ्रामक हैं। संबंधित कर्मचारी समिति का नियमित कर्मचारी है, जो पिछले तीन अध्यक्षों के कार्यकाल के दौरान उनके साथ रहा है।"

हेमंत द्विवेदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर न करें और जांच पूरी होने का इंतजार करें।

उन्होंने कहा कि वायरल हो रहे आरोपों में कोई सच्चाई है या फिर यह सिर्फ अफवाह है? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 July 2026 11:46 AM IST

Tags

Next Story