बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 'टेलिसमैन सेबर 2027' की तारीखों का ऐलान, भारत भी होगा शामिल
नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने एक्सरसाइज 'टेलिसमैन सेबर 2027' की तारीखों का ऐलान कर दिया है। भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने रविवार को इसकी जानकारी दी। बताया कि यह सैन्य अभ्यास 9 से 22 अगस्त 2027 तक हो रहा है। उन्होंने एक वीडियो क्लिप डाली जिसमें पूरी जानकारी हिंदी में दी गई थी।
ग्रीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो क्लिप साझा कर इसकी जानकारी दी, जिसमें जल, थल और नभ में सैनिक अपनी सूझ बूझ और शक्ति का प्रदर्शन करते देखे जा सकते हैं। इनमें अत्याधुनिक हथियारों से लेकर डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल होता देखा जा सकता है। इसके कैप्शन में लिखा है कि ये अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास होगा, जो हिंद-प्रशांत की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाएगा।
ग्रीन ने अपनी पोस्ट में लिखा, "टेलिसमैन सेबर अब तक का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी संस्करण है।" उनके अनुसार ये अभियान बहुत बड़े पैमाने पर होगा। जिसमें जटिलता के साथ कुछ सीखने का अवसर भी प्रचुर होगा।
जून 2026 में भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों की बातचीत के दौरान दोनों देशों ने टैलिसमैन सेबर 2027 में भारत की बढ़ी हुई भागीदारी का स्वागत किया था। ये युद्धाभ्यास ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका का प्रमुख बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास है। 2027 में इसमें 24 अतिरिक्त साझेदार देशों को शामिल करने की योजना है और करीब 800 लोगों की संयुक्त प्लानिंग टीम काम करेगी।
अभ्यास का जोर सैन्य इंटरऑपरेबिलिटी, लॉजिस्टिक्स, ऑपरेशनल रेडीनेस और संयुक्त अभियानों की क्षमता बढ़ाने पर रहेगा। भारत की बढ़ती भागीदारी नई दिल्ली और कैनबरा के गहरे होते रक्षा और हिंद-प्रशांत सहयोग को दर्शाती है।
यह मूल रूप से ऑस्ट्रेलिया-अमेरिका के नेतृत्व वाला बहुराष्ट्रीय अभ्यास है, जिसमें भारत साझेदार देश के रूप में भाग ले रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Aug 2026 2:32 PM IST












