बंद घरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

बंद घरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर की पुलिस ने बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हो गए, जबकि दो अन्य को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 51 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण, 1.25 लाख रुपए कीमत के चांदी के जेवर, 11.27 लाख रुपए नकद, दो मोटरसाइकिलें तथा चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।

ग्रेटर नोएडा, 5 जून (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर की पुलिस ने बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हो गए, जबकि दो अन्य को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 51 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण, 1.25 लाख रुपए कीमत के चांदी के जेवर, 11.27 लाख रुपए नकद, दो मोटरसाइकिलें तथा चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज घायल हो गए, जबकि उनके साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह का सदस्य भोले पेशे से रैपिडो चालक है, जो विभिन्न सोसायटियों में घूमकर बंद घरों की जानकारी जुटाता था और अपने साथियों को उपलब्ध कराता था। इसके बाद गिरोह सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात करता था।

बरामद सामान में सूरजपुर थाना क्षेत्र की पैरामाउंट सोसायटी में 25 अप्रैल 2026 को हुई बड़ी चोरी के जेवरात और नकदी भी शामिल हैं। इसके अलावा अक्टूबर 2025 में ग्राम जैतपुर और अप्रैल 2026 में सेक्टर-144 स्थित मगध एन्क्लेव में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित रकम भी बरामद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ गाजियाबाद, सम्भल, हापुड़, रामपुर तथा गौतमबुद्धनगर समेत कई जिलों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।

मुख्य आरोपी वकील उर्फ रिजवान पर अकेले 32 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सरफराज पर भी 17 से अधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह से बरामद माल की पहचान कर उसे पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Jun 2026 8:31 PM IST

Tags

Next Story