बांदीपोरा में पहली बार ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ का आयोजन, छात्रों ने सराहा
बांदीपोरा, 26 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा के एचकेएम गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में आज पहली बार ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ के जिला स्तर के कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने “आपातकाल के 50 साल: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” विषय पर अपने विचार रखे। छात्रों ने अपने भाषणों में जागरूकता, आत्मविश्वास और बेहतरीन वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन किया।
यह कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक चर्चा में भाग लेने और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी राय खुलकर रखने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
इस अवसर पर बांदीपोरा के विधायक निजामुद्दीन भट, पद्मश्री सम्मानित फैसल अली और अन्य लोग भी मौजूद रहे।
यूथ पार्लियामेंट में शामिल होने के बाद एक छात्र ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह सरकार की ओर से एक अच्छी पहल है। इससे बच्चों को एक मंच मिलता है, जहां वे अपनी बातें रख सकते हैं। हमने इस बात पर चर्चा की कि लोकतंत्र को बचाने के लिए क्या करना चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र ही हमें आजादी देता है।
एक अन्य छात्र ने कहा कि हमने आपातकाल को लेकर चर्चा की और हम सभी को उस इतिहास के बारे में जानकारी है। मैंने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी कि 1975 में लगे आपातकाल से हमने क्या सीखा।
बता दें कि जिला स्तर पर चयनित छात्रों को राज्य स्तर की चर्चा में भाग लेना होता है और उसके बाद चयनित छात्रों को दिल्ली भेजा जाता है। राज्य स्तर पर शीर्ष 3 विजेता राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचेंगे, जिसका आयोजन पार्लियामेंट ऑफ इंडिया में होगा। यह उनके लिए राष्ट्रीय मंच पर अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने और ‘विकसित भारत’ के सपने को आगे बढ़ाने का एक सम्मानजनक अवसर होगा।
बांदीपोरा के साथ ही राजौरी में भी ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ का जिला स्तर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां से 10 छात्रों का चयन हुआ है।
युवाओं में जागरूक, जिम्मेदार और दूरदर्शी नेतृत्व विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए युवा मामले और खेल मंत्रालय के तहत काम करने वाले माय भारत की ओर से इसका आयोजन किया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Feb 2026 7:37 PM IST












