बांग्लादेश दुर्गा पूजा उत्सव में शामिल हुए भारतीय उच्चायुक्त, दीं शुभकामनाएं
ढाका, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में भारतीय हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने सोमवार को दुर्गा पूजा उत्सव में हिस्सा लिया। विभिन्न आयोजन स्थलों में पहुंचे, लोगों को शुभकामनाएं दीं और मां का आशीष लिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे जुड़ी तस्वीरें और जानकारी बांग्लादेश स्थित उच्चायोग ने साझा की। भारतीय उच्चायुक्त पत्नी मृणाल त्रिवेदी के साथ पहले ढाका में गुलशन-बनानी सर्बजनीन पूजा फाउंडेशन द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा उत्सव में पहुंचे। उन्होंने इस शुभ अवसर पर आयोजकों और भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
त्रिवेदी, रमना काली मंदिर के पवित्र परिसर में भी पहुंचे और मां काली की आराधना की।
वहीं, ढाका विश्वविद्यालय के जगन्नाथ हॉल में आयोजित समारोह का हिस्सा बने। उच्चायोग ने एक्स पर लिखा, 'विश्वविद्यालय समुदाय के साथ बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने दुर्गा पूजा की भावना का जश्न मनाया। वो ढाका विश्वविद्यालय के जगन्नाथ हॉल पहुंचे और छात्रों, आयोजकों तथा भक्तों के साथ इस अवसर की खुशी साझा की।'
रविवार को भी वो बारीधारा डीओएचएस कन्वेंशन सेंटर पंडाल पहुंचे थे। उच्चायोग ने इसकी जानकारी भी सोमवार को दी। उन्होंने लिखा, "बांग्लादेश में भारत के हाई कमिश्नर, दिनेश त्रिवेदी, 18 अक्टूबर को ढाका के बारीधारा डीओएचएस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में शामिल हुए।" उन्होंने इस शुभ अवसर पर आयोजकों और समुदाय के सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री त्रिवेदी को भारत सरकार ने 27 अप्रैल 2026 को बांग्लादेश में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया था। उन्होंने 12 जून 2026 को ढाका में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। तब से वो लगभग हर मंच से द्विपक्षीय संबंधों की एक बड़ी कड़ी दोनों देशों की समान सांस्कृतिक विरासत को मानते रहे हैं। वो रिश्तों को सुदृढ़ करने की कोशिश लगातार कर रहे हैं। संबंधों को सहज करने के लिए वो संवाद को जरूरी बताते रहे हैं।
शनिवार को भी उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों को सुलझाने के लिए लगातार बातचीत, आपसी सम्मान और भरोसे की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच मौजूद हर समस्या का समाधान संभव है।
ढाका में चल रहे 'बे ऑफ बंगाल कन्वर्सेशन' के दौरान "पावर एंड प्रूडेंस: मैनेजिंग ग्रेट-पावर कॉम्पिटिशन विदाउट कॉन्फ्लिक्ट" (शक्ति और विवेक: बिना टकराव के बड़ी शक्तियों के बीच प्रतिस्पर्धा का प्रबंधन) विषय पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, "मुद्दों को छिपाने या उन पर बात न करने का कोई मतलब नहीं है।"
कुछ सवालों का जवाब देते हुए त्रिवेदी ने कहा कि दोनों देशों को पानी, व्यापार, संस्कृति, खेल, संचार और परिवहन जैसे सभी लंबित मुद्दों पर उचित मंचों के माध्यम से चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में, सही मंच पर बातचीत होनी चाहिए। और यह बातचीत लगातार जारी रहनी चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत की प्रक्रिया भले ही धीमी हो, लेकिन यह रुकी नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 2:41 PM IST












