बांकीपुर उपचुनाव भव्य रोड शो के बाद भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने किया नामांकन
पटना, 13 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को भव्य रोड शो के बाद पटना समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे।
नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय से पटना समाहरणालय तक विशाल रोड शो निकाला गया। इसमें सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार समेत एनडीए के कई नेता शामिल हुए।
रोड शो का मुख्य आकर्षण विशेष रूप से सजाया गया रथ रहा, जिस पर नीरज कुमार सिन्हा और एनडीए के वरिष्ठ नेता सवार थे। रथ को भाजपा के कमल चिन्ह, पार्टी के झंडों और फूलों से सजाया गया था। नेताओं ने पूरे मार्ग में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो भाजपा कार्यालय से शुरू होकर डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, यूथ हॉस्टल, बिस्कोमान, कारगिल चौक और गांधी मैदान होते हुए पटना समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पैदल तथा मोटरसाइकिलों के साथ रोड शो में शामिल हुए।
नामांकन से पहले नीरज कुमार सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने नवीन सिन्हा पार्क पहुंचकर स्वर्गीय नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत वह समर्थकों के साथ नामांकन यात्रा में शामिल हुए। पटना समाहरणालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और एनडीए के अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। समाहरणालय परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और भाजपा के समर्थन में नारे लगाते रहे।
भाजपा ने पहले इस उप चुनाव के लिए अभिषेक कुमार को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बाद में उन्होंने पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी। इसके बाद नीरज सिन्हा को मौका मिला है। बांकीपुर से टिकट मिलने के बाद नीरज कुमार सिन्हा ने लगातार बिहार के दिग्गज नेताओं से मुलाकात की है। वे रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले।
नितिन नवीन के बांकीपुर विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद यह उपचुनाव हो रहा है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में चुने जाने के बाद विधायक पद छोड़ा था। फिलहाल, 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होगा। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई है। तीन अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 5:23 PM IST












