- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची...
Datia By-election 2026: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची से अवधेश नायक का नाम गायब, भाजपा में वापसी की अटकलें तेज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में दतिया के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं होने के बाद उनके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि वे जल्द कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।
स्टार प्रचारकों की लिस्ट से नाम गायब
कांग्रेस ने आगामी चुनाव को देखते हुए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें पार्टी के कई बड़े नेताओं को जगह मिली है, लेकिन दतिया के प्रमुख नेता अवधेश नायक का नाम सूची में नहीं है। इसके बाद से सियासी हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जनसभा में भी नहीं दिखे
हाल ही में कांग्रेस की एक बड़ी जनसभा आयोजित हुई थी। इस कार्यक्रम में भी अवधेश नायक नजर नहीं आए। वे न मंच पर दिखाई दिए और न ही किसी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाते दिखे। इसके बाद उनके राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
2023 में थामा था कांग्रेस का हाथ
विधानसभा चुनाव 2023 से पहले अवधेश नायक ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था। उस समय उनके और तत्कालीन गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के बीच मतभेदों की चर्चा रही थी।
यह भी पढ़े -दतिया रैली में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, टिकट न मिलने के बावजूद भाजपा उम्मीदवार आशुतोष का किया समर्थन
शुरुआत में कांग्रेस ने उन्हें दतिया से विधानसभा प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बाद में पार्टी ने फैसला बदलते हुए उनका टिकट वापस ले लिया और राजेंद्र भारती को उम्मीदवार बनाया। चुनाव में राजेंद्र भारती ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराया। इसके बाद से अवधेश नायक की पार्टी में भूमिका को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।
लेकिन, अब जब प्रदेश की सियासत बदल चुकी है और नरोत्तम मिश्रा साइडलाइन हो गए हैं, तो अवधेश नायक की बीजेपी में वापसी के कयास लगाए जा रहे हैं। स्टार प्रचारकों की सूची से नाम कटना और चुनावी मंच पर न दिखना, इसका संकेत है कि वे जल्द ही घर वापसी यानि बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
Created On :   14 July 2026 3:20 AM IST











