बारासात में अमित शाह का दावा, पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही भाजपा

बारासात में अमित शाह का दावा, पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही भाजपा
पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बारासात में एक चुनावी रैली की, जहां उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए राज्य में भाजपा सरकार बनने का भरोसा जताया।

बारासात, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बारासात में एक चुनावी रैली की, जहां उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए राज्य में भाजपा सरकार बनने का भरोसा जताया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "पश्चिम बंगाल के हर क्षेत्र में ममता सरकार पूरी तरह विफल रही। लोगों के अंदर ममता सरकार के खिलाफ भयंकर गुस्सा है। जनता को आशा है कि सारी अर्थव्यवस्थाएं और समस्याएं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही ठीक कर सकती है।"

पहले चरण में अमित शाह ने 152 सीटों में से भाजपा के 110 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था। उन्होंने दूसरे चरण पर कहा, "अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं।"

उन्होंने रैली में उमड़ी भारी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह भीड़ देखकर साफ पता चलता है कि यह ममता का गढ़ है या नहीं।

दूसरे चरण में हिंसा की आशंका पर अमित शाह ने कहा, "मैं नहीं मानता कि गुंडे दीदी पर भरोसा करके रिस्क लेंगे। दीदी जा रही हैं और जाने वाले समय में कोई साथ नहीं देता है। भाजपा की सरकार बनने के बाद गुंडों से पुलिस निपटेगी।"

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। आजादी के बाद यह किसी चरण में सबसे ऊंचा मतदान प्रतिशत है। भाजपा इसे राज्य में बड़े बदलाव का संकेत बता रही है, जबकि टीएमसी एक बार फिर मजबूती से सत्ता में वापसी का दावा कर रही है।

अमित शाह की बारासात रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। उन्होंने अपनी रैली में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, अपराध और विकास की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल में विकास की नई लहर आएगी, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

बता दें कि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 April 2026 10:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story