ओमान में ईरान के विदेश मंत्री अराघची और सुल्तान की बैठक, क्षेत्रीय संकट पर चर्चा

ओमान में ईरान के विदेश मंत्री अराघची और सुल्तान की बैठक, क्षेत्रीय संकट पर चर्चा
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय घटनाक्रमों और क्षेत्रीय संकट को सुलझाने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की।

मस्कट, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय घटनाक्रमों और क्षेत्रीय संकट को सुलझाने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की।

ईरान के 'प्रेस टीवी' की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में अराघची ने सुल्तान को पश्चिम एशिया में हाल ही में हुए घटनाक्रम के बारे में ईरान का नजरिया बताया, खासकर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद की स्थिति पर। उन्होंने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बढ़ाने के लिए ओमान के संवाद और मध्यस्थता के प्रयासों की सराहना की।

सुल्तान हैथम ने कहा कि ओमान हमेशा कोशिश करता है कि बातचीत के जरिए लंबे समय तक टिकने वाले राजनीतिक समाधान निकाले जाएं और आम लोगों पर संकट का असर कम हो। उन्होंने जोर दिया कि समस्याओं का हल बातचीत और कूटनीति से ही होना चाहिए।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर कहा कि अराघची की यह यात्रा ओमान की आधिकारिक यात्रा है और हालिया अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद यह उनकी पहली क्षेत्रीय यात्रा है। उन्होंने कहा कि ईरान अपने खाड़ी देशों के साथ रिश्तों को बहुत अहम मानता है और भरोसे और सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी' (आईआरएनए) के अनुसार, अराघची की यह यात्रा तीन देशों के दौरे का हिस्सा है। ओमान के बाद वह रूस जाएंगे, जहां क्षेत्रीय हालात और मौजूदा संघर्ष पर बातचीत करेंगे।

अराघची शुक्रवार को इस्लामाबाद पहुंचे थे। पहले अमेरिका की तरफ से कहा गया था कि ट्रंप के दामाद जारेड कुशनर और उनके विशेष प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ वहां जाएंगे, और जरूरत पड़ने पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हो सकते हैं, लेकिन ईरान पहले ही साफ कर चुका था कि वह अमेरिका से सीधी बातचीत नहीं करेगा।

बघाई ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच कोई बैठक तय नहीं है और ईरान अपनी बात पाकिस्तान के जरिए पहुंचाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “हमारे पास सारे पत्ते हैं, उनके पास कुछ भी नहीं। अगर उन्हें बात करनी है तो बस हमें कॉल करें।”

उन्होंने यह भी कहा कि बहुत समय यात्रा में बर्बाद हो रहा है और ईरान के नेतृत्व में काफी भ्रम और अंदरूनी विवाद है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 April 2026 11:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story