श्रीनगर में बारिश के बावजूद ट्यूलिप गार्डन में पर्यटकों की रौनक, आंकड़े 1.69 लाख के पार पहुंचे

श्रीनगर में बारिश के बावजूद ट्यूलिप गार्डन में पर्यटकों की रौनक, आंकड़े 1.69 लाख के पार पहुंचे
श्रीनगर का ट्यूलिप गार्डन इन दिनों पूरी तरह से पर्यटकों से गुलजार है। पिछले 14 दिनों में यहां भारी संख्या में लोग घूमने आए हैं। बगीचे में आए विजिटर्स की संख्या 14वें दिन की शाम तक 1,69,100 रही, जो खराब मौसम और बारिश के बावजूद काफी उत्साहजनक है।

श्रीनगर, 31 मार्च (आईएएनएस)। श्रीनगर का ट्यूलिप गार्डन इन दिनों पूरी तरह से पर्यटकों से गुलजार है। पिछले 14 दिनों में यहां भारी संख्या में लोग घूमने आए हैं। बगीचे में आए विजिटर्स की संख्या 14वें दिन की शाम तक 1,69,100 रही, जो खराब मौसम और बारिश के बावजूद काफी उत्साहजनक है।

सहायक पुष्प कृषि अधिकारी इमरान अहमद ने बताया कि बारिश और रमजान के बावजूद पर्यटकों की संख्या काफी बेहतर रही। हर गुजरते दिन के साथ पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्थानीय ही नहीं बल्कि देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस बार करीब एक लाख स्थानीय पर्यटक, 68 हजार राष्ट्रीय पर्यटक और 400 से ज्यादा विदेशी पर्यटक भी ट्यूलिप गार्डन की खूबसूरती देखने पहुंचे। गार्डन के फूलों की प्रजातियां और प्राकृतिक सौंदर्य ने सभी का दिल जीत लिया। पहले सप्ताह लगातार बारिश होने के बावजूद लोग बगीचे का आनंद लेने पहुंचे। पिछले दो दिनों से फिर बारिश हो रही है लेकिन अच्छी बात यह है कि फूलों की फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ। उनका कहना है कि अगर मौसम अच्छा रहता है तो यह ट्यूलिप शो कम से कम 30 दिनों तक जारी रहेगा।

वहीं, गुजरात से आए टूरिस्ट देव पटेल ने बताया कि उन्होंने यहां अलग-अलग रंग के फूल देखे और यह उनके लिए बहुत ही अलग और शानदार अनुभव रहा। उन्होंने कहा, "इतना सुंदर नजारा मैंने पहले कभी नहीं देखा। हर किसी को एक बार जरूर यहां आना चाहिए क्योंकि कश्मीर नहीं देखा तो फिर क्या देखा।" उनकी तरह कई पर्यटक फूलों के विविध प्रकार और बगीचे की खूबसूरती का आनंद लेने आए हैं।

एक महिला पर्यटक श्वेता पटेल ने भी ट्यूलिप गार्डन की तारीफ की। उन्होंने कहा, "यहां का मौसम और बगीचा बहुत सुंदर है। लोग भी बहुत अच्छे और सहयोगी हैं। वातावरण बेहद शांत व खुशगवार है।"

ट्यूलिप गार्डन में हर साल की तरह इस साल भी फूलों की रंगीन छटा लोगों को आकर्षित कर रही है। गार्डन में ट्यूलिप्स की लाखों की संख्या है और उनकी विविधता देखकर हर कोई हैरान रह जा रहा है। प्रत्येक दिन बगीचे में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है और हर कोई अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां आ रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 12:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story