मुंबई के होटल में बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
मुंबई, 31 मार्च (आईएएऩएस)। मुंबई के ट्राइडेंट होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब आईपीएल मैच देखने आए एक विदेशी मेहमान का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। मृतक की पहचान ब्रिटिश नागरिक यान विलियम्स लेग्नफोर्ड के रूप में हुई है, जो बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे।
यान 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे और आईपीएल मैचों के प्रसारण से जुड़े काम के सिलसिले में मुंबई आए थे। 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद वह अपने होटल के कमरे में लौटे थे। इसके बाद 30 मार्च को होटल स्टाफ ने जब उनके कमरे से संपर्क करने की कोशिश की, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
शक होने पर होटल के कर्मचारियों ने मास्टर चाबी की मदद से कमरे का दरवाजा खोला। अंदर पहुंचने पर उन्होंने यान को फर्श पर पड़ा हुआ पाया। इस घटना की सूचना तुरंत होटल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस संबंध में एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी चोट के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। होटल स्टाफ और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि घटना के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
इस घटना के बाद होटल में ठहरे अन्य मेहमानों और स्टाफ के बीच चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 2:28 PM IST












