बारिश में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को लेकर जनता दर्शन पहुंची महिला, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया आर्थिक सहायता का आश्वासन
लखनऊ, 17 अगस्त (आईएएनएस)। मां अपनी बच्चे की खुशियों के लिए हर बाधा को पीछे छोड़ देती है। यह सोमवार को भी चरितार्थ हुआ, जब मूसलाधार बारिश में अपने बच्चे को लेकर सीतापुर की रोली ‘जनता दर्शन’ में पहुंचीं।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने बताया कि उनका बच्चा थैलेसीमिया से पीड़ित है। उसके इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। यह सुन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चे के सिर पर हाथ फेरा और उसे शीघ्र स्वस्थ होने का आशीर्वाद दिया। फिर इलाज के लिए तत्काल एस्टिमेट मंगवाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सीएम से यह आश्वासन पाकर रोली की आंखों में चमक आ गई। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। ‘जनता दर्शन’ में बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का अनुरोध लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा देते हुए कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं बनेगी। सरकार निरंतर आर्थिक सहायता दे रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल के एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए धनराशि दी जाएगी। सीएम योगी ने अपनत्व के भाव से ‘कहां से आए हैं, क्या परेशानी है’, कहते हुए एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिया कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। किसी को भी परेशान होने या घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए। पुलिस, राजस्व, चिकित्सा, जमीन कब्जा आदि से जुड़े प्रार्थना पत्रों पर भी उन्होंने समयबद्ध निस्तारण व कार्रवाई का निर्देश दिया।
-- आईएएनएस
विकेटी/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Aug 2026 1:47 PM IST












